बिलासपुर…जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रशासन अब केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहना चाहता। स्वास्थ्य सेवाओं में ढिलाई, फील्ड मॉनिटरिंग की कमी और योजनाओं के कमजोर क्रियान्वयन पर शुक्रवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साफ कहा कि अब हर कार्यक्रम का मूल्यांकन कागजों से नहीं, जमीनी नतीजों से होगा। जिला स्वास्थ्य समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, मलेरिया, टीबी और कुष्ठ उन्मूलन अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कम प्रगति वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए तखतपुर के बीएमओ और कुष्ठ उन्मूलन अभियान में शिथिलता बरतने वाले चारों विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सबसे अधिक जोर गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत और समयबद्ध पंजीयन पर रहा। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिले की कोई भी गर्भवती महिला पंजीयन से छूटनी नहीं चाहिए। उन्होंने प्रत्येक गांव का नामवार डाटा तैयार कर नियमित समीक्षा के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि समय पर पंजीयन और नियमित स्वास्थ्य जांच से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय रहते पहचान होगी, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने संस्थागत प्रसव और शत-प्रतिशत टीकाकरण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

बैठक के दौरान कम पंजीयन वाले क्षेत्रों पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने दो टूक कहा कि गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि फील्ड में काम नहीं करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।

बरसात के मौसम को देखते हुए मलेरिया और संभावित महामारी नियंत्रण की तैयारियों की भी गहन समीक्षा हुई। कलेक्टर ने प्रत्येक गांव में सरपंच, पंच, शिक्षक, मितानिन और जागरूक नागरिकों को जोड़कर कम से कम दस सक्रिय लोगों का सूचना समूह बनाने के निर्देश दिए, ताकि बीमारी की जानकारी तत्काल मिले और समय पर नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने मलेरिया प्रभावित इलाकों में विशेष कार्ययोजना, रैपिड टेस्ट बढ़ाने, मोबाइल मेडिकल यूनिट की नियमित तैनाती और पर्याप्त दवा उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा के दौरान सभी ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक निक्षय मित्र जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की सभी गतिविधियों की ऑनलाइन प्रविष्टि समय पर करने के निर्देश दिए गए।

कुष्ठ उन्मूलन अभियान की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने चारों विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य अभियानों में सिर्फ लक्ष्य तय करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका असर गांवों तक दिखाई देना चाहिए।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली की निगरानी केवल फाइलों से नहीं होगी। जवाबदेही, फील्ड मॉनिटरिंग और परिणाम—इन्हीं तीन आधारों पर अधिकारियों के काम का आकलन किया जाएगा। समीक्षा बैठक में कलेक्टर का पूरा फोकस आंकड़ों से आगे बढ़कर जमीनी परिणामों पर दिखाई दिया।