बिलासपुर… खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिशों के खिलाफ कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मल्हार और सेन्दरी में की गई छापेमार कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में खाद जब्त की गई है, जबकि एक गोदाम को सील कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कृषि विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में मस्तूरी विकासखंड के मल्हार स्थित अग्रवाल खाद भंडार की जांच के दौरान यूरिया, एनपीके और एसएसपी उर्वरकों का अवैध भंडारण सामने आया। जांच टीम ने तत्काल खाद जब्त कर ली और मामले को आगे की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

उधर सेन्दरी स्थित मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर में भी उड़नदस्ता दल ने देर रात दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान छिपाकर रखी गई खाद बरामद हुई। अनियमितता की पुष्टि होने पर खाद जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में खाद के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि किसानों के हिस्से की खाद रोककर मुनाफाखोरी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कृषि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय केसरवानी किसानों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे थे और खरीफ सीजन से पहले खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई थी। किसानों के साथ तखतपुर विकासखंड के गोरियारी स्थित सुशासन तिहार शिविर में विजय केसरवानी और किसान नेताओं ने खाद की कालाबाजारी और खाद तिलक दूर किए जाने की मांग की थी की। कलेक्टर कुटिया ज्ञापन में विजय केसरवानी ने कहा था कि मानसून सिर पर है और किसान खेतों की तैयारी में जुट चुके हैं, ऐसे समय में खाद की कमी या कालाबाजारी की शिकायतें गंभीर चिंता का विषय हैं। केसरवानी ने अवैध भंडारण करने वालों और किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने निगरानी और जांच अभियान को और तेज करते हुए विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई को अंजाम दिया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किसानों की सुविधा को देखते हुए सभी सहकारी समितियों को शनिवार, रविवार और अन्य अवकाश दिवसों में भी संचालित रखने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

खाद की उपलब्धता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि खाद की कमी संबंधी अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और आवश्यकता के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी साफ किया कि कृत्रिम संकट पैदा करने या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

जिले को खरीफ सीजन के लिए 68 हजार 950 मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके विरुद्ध अब तक 46 हजार 780 मीट्रिक टन से अधिक खाद का भंडारण किया जा चुका है, जबकि लगभग 19 हजार 913 मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित भी की जा चुकी है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 10 हजार 711 मीट्रिक टन अधिक खाद का भंडारण किया गया है, जो प्रशासन की तैयारियों को दर्शाता है।

खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले हुई यह कार्रवाई किसानों के लिए भरोसे का संदेश है, वहीं अवैध भंडारण और कालाबाजारी में लिप्त तत्वों के लिए स्पष्ट चेतावनी कि किसानों के हिस्से की खाद पर कब्जा करने की हर कोशिश अब कानून के शिकंजे में आएगी। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अन्नदाताओं के हितों पर चोट करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।