बिलासपुर.. मंगलवार का जनदर्शन सिर्फ शिकायतों का सरकारी कार्यक्रम नहीं था। जिला कार्यालय में ऐसा लगा मानो जिले के अलग-अलग गांवों और मोहल्लों की छोटी-बड़ी परेशानियां एक ही छत के नीचे आकर अपना समाधान तलाश रही हों। कोई अपनी जमीन तक पहुंचने का रास्ता मांग रहा था, कोई बिजली की समस्या से परेशान था, तो कोई उम्र और दिव्यांगता के कारण बैटरी चलित ट्राइसाइकिल की उम्मीद लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल के सामने पहुंचा था।

साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एक-एक आवेदन सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि लोगों की समस्याओं को केवल फाइलों तक सीमित नहीं रखा जाएगा।

सबसे पहले कर्रा ग्राम पंचायत का मामला सामने आया। सरपंच ने शिकायत की कि गांव में प्रस्तावित तालाब निर्माण के लिए चिन्हित शासकीय भूमि पर बेजा कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि तार फेंसिंग लगाकर उस जमीन को घेर दिया गया है, जिससे तालाब निर्माण का रास्ता रुक गया है। गांव के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कब्जा नहीं हटाया गया तो सार्वजनिक उपयोग का यह महत्वपूर्ण काम प्रभावित हो जाएगा।

जनदर्शन में एक तस्वीर ऐसी भी थी जिसने मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। सकरी क्षेत्र के 64 वर्षीय दिव्यांग शिव कुमार कुर्रे बैटरी चलित ट्राइसाइकिल की मांग लेकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि उम्र और शारीरिक स्थिति के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। यदि ट्राइसाइकिल मिल जाए तो दैनिक जीवन की कई परेशानियां कम हो सकती हैं।

घुटकू क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों की चिंता बिजली को लेकर थी। उनका कहना था कि लोनिया पारा को वर्तमान फीडर से हटाकर घुटकू फीडर से जोड़ा जाए। ग्रामीणों के मुताबिक इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।

उधर शहर के चिंगराजपारा निवासी सौरभ रजक रोजगार से जुड़ी मांग लेकर पहुंचे। उन्होंने सब्जी मंडी में सब्जी विक्रय के लिए चबूतरा आबंटित करने का आवेदन दिया। वहीं मस्तूरी के सरसेनी गांव निवासी गोवर्धन सिंह जगत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की मांग रखी।

जनदर्शन में बैंकिंग से जुड़ा मामला भी पहुंचा। तिलक राम जोशी ने बताया कि वे वर्षों से बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक हैं और पुराना ऋण भी ब्याज सहित चुका चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नया ऋण नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने इस संबंध में प्रशासन से मदद की मांग की।

बिल्हा क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने स्कूल और आंगनबाड़ी के पास संचालित अंडा-मुर्गी दुकान को हटाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि दुकान से फैलने वाली गंदगी बच्चों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है और पढ़ाई का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

इसी तरह गोबंद गांव के बालमुकुंद गोड़ अपनी जमीन तक पहुंचने के रास्ते की समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने शिकायत की कि सामने मकान निर्माण होने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है, जिससे आवागमन में दिक्कत हो रही है।

करीब हर आवेदन के पीछे किसी परिवार की परेशानी, किसी गांव की जरूरत या किसी नागरिक की उम्मीद जुड़ी हुई थी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनदर्शन में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।