छत्रपति संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके की मां अनीता दीपके ने बुधवार को चौंकाने वाला दावा किया कि जैसे ही उनके बेटे ने अपना व्यंग्यात्मक राजनीतिक आंदोलन शुरू किया, उसे एक वीडियो के जरिए धमकी दी गई। अनीता ने बताया कि इस वीडियो में उनके बेटे को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के लिए कहा गया और ऐसा न करने पर उसके माता-पिता को मुसीबत में डालने की चेतावनी दी गई।

उन्होंने बताया कि इस धमकी के डर से उनके माता-पिता को छत्रपति संभाजीनगर छोड़ना पड़ा और कोंकण इलाके में एक रिश्तेदार के घर दो हफ्ते तक शरण लेनी पड़ी।

अभिजीत की मां अनीता दीपके और पिता भगवान दीपके ने छत्रपति संभाजीनगर में एक मराठी न्यूज़ चैनल से यह बातचीत की, जो उनके बेटे के घर लौटने से पहले हुई। गौरतलब है कि अभिजीत ने नयी दिल्ली में अलग-अलग परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर 36 दिनों तक आंदोलन का नेतृत्व किया था, जिसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था।

मां अनीता ने भावुक होते हुए कहा, “अभिजीत को धमकियां मिली थीं, लेकिन उसने हमें शुरू में नहीं बताया। बाद में उसने मुझे एक वीडियो के बारे में बताया और सलाह दी कि मैं उसे न देखूं। वीडियो में उसे धमकी दी गई थी कि अगर वह भाजपा में शामिल नहीं हुआ, तो उसके माता-पिता के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।”

उन्होंने बताया कि इसके बाद अभिजीत ने अपने माता-पिता से कुछ दिनों तक घर से दूर रहने का आग्रह किया। मां ने कहा, “अभिजीत ने मुझसे कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरता नहीं है, लेकिन उसने हमसे कहा कि चूंकि हमें ऐसी धमकियों की आदत नहीं है, इसलिए हमें घर से दूर रहना चाहिए। इसके बाद हमने घर से बाहर जाने का फैसला किया और कोंकण में एक रिश्तेदार के घर चले गए, जहां हम 16 दिनों तक रहे।”

उन्होंने आगे बताया कि उनके बेटे को उनकी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता थी, क्योंकि उस समय वह उनके साथ नहीं था और उनके पिता निम्न रक्तदाब (लो ब्लड प्रेशर) की समस्या से जूझ रहे हैं।

वहीं अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने संयत लहजे में कहा कि समाज सेवा करते समय इस तरह की आलोचनाओं और विरोध का सामना करना पड़ता है।