Chhattisgarh Korba/छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड के शक और लगातार दी जा रही मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर मौत को गले लगा लिया।

मामला कोरबी चौकी क्षेत्र के पाली गांव का है, जहां प्यार में मिले तानों और चरित्र पर उठाए गए सवालों ने एक मासूम जिंदगी का अंत कर दिया।

Chhattisgarh Korba/पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी बॉयफ्रेंड दिलराज मरकाम (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर पीड़िता पर बेवफाई का आरोप लगाता था और उसे किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने की बात कहकर आए दिन अपमानित करता था।

घटनाक्रम की शुरुआत 27 नवंबर को हुई, जब मृतका अपने भाई-बहनों के साथ गांव के साप्ताहिक बाजार गई थी। बाजार से लौटने के बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए, लेकिन अगली सुबह जब परिजन जागे तो नाबालिग अपने कमरे में नहीं थी।

घबराए हुए परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

अंततः उन्होंने कोरबी चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी। दो दिन बाद, 29 नवंबर को गांव के पास स्थित जंगल में एक पेड़ से नाबालिग का शव फंदे पर लटका हुआ पाया गया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से शव की शिनाख्त कराई।

जांच के दौरान पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को बताया कि पाली गांव का ही रहने वाला दिलराज मरकाम उनकी बेटी को काफी समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

वह लड़की के चरित्र पर शक करता था और “तू मुझे धोखा दे रही है” कहकर अक्सर झगड़ा करता था। परिजनों के अनुसार, घर से गायब होने के दौरान लड़की संभवतः दिलराज से मिलने गई थी, जहां उनके बीच फिर से गंभीर विवाद हुआ।

इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना को सहन न कर पाने के कारण नाबालिग ने जंगल में जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस ने जब संदेह के आधार पर दिलराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि वह अक्सर लड़की पर शक करता था और उसे प्रताड़ित करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।