CG News-छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में विदेशी छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है।

CG News/22 दिसंबर की शाम ईडब्ल्यूएस बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरकर हुई दक्षिण सूडान के छात्र सैमपुर जुदे की मौत कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि आपसी विवाद और डर का नतीजा थी।

मंदिर हसौद थाना पुलिस ने गहन जांच के बाद इसी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले दक्षिण सूडान के ही तीन अन्य विदेशी छात्रों को गैर-इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नोउई कुर माजाक, सबरी पालीनो उर्फ टोनी और मोहम्मद खलफल्ला ओमर हसन के रूप में हुई है, जो फिलहाल नवा रायपुर में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे थे।

पुलिस जांच और चश्मदीदों के बयानों से यह साफ हुआ है कि घटना के समय लाइबेरिया निवासी और एमबीए सेकंड ईयर के छात्र सैमपुर जुदे अपनी एक महिला मित्र के साथ बिल्डिंग के पास खड़े थे।

इसी दौरान आरोपी नोउई कुर माजाक अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और सैमपुर पर अपनी महिला मित्र से बदतमीजी करने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि तीनों आरोपियों ने सैमपुर के साथ मारपीट की कोशिश की। खुद को अकेला पाकर और हमले के डर से घबराया हुआ सैमपुर जान बचाने के लिए सीढ़ियों से भागते हुए चौथी मंजिल की छत पर जा पहुंचा। आरोपी छात्र भी उसे छोड़ने के मूड में नहीं थे और उसका पीछा करते हुए छत तक पहुंच गए।

पीछा कर रहे साथियों के डर और संभावित हमले से बचने के लिए सैमपुर ने आव देखा न ताव और छत से नीचे छलांग लगा दी।

कंक्रीट की सड़क पर गिरने की वजह से सैमपुर को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। उसके साथियों ने आनन-फानन में उसे पहले सद्भावना अस्पताल और फिर बालको अस्पताल पहुंचाया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण उसे मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद विवाद में शामिल लड़की और उसका बॉयफ्रेंड भी बुरी तरह डर गए थे। उन्हें अंदेशा था कि सैमपुर के दोस्त उन पर जवाबी हमला कर सकते हैं, जिसके चलते वे सुरक्षा के लिए भिलाई थाने पहुंच गए थे। बाद में मंदिर हसौद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं।

मंदिर हसौद थाना पुलिस ने इस संवेदनशील मामले में तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना के दौरान हुई नोकझोंक और सैमपुर का पीछा करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस घटना ने यूनिवर्सिटी परिसर में विदेशी छात्रों के बीच सुरक्षा और आपसी तालमेल को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में पुलिस इस मामले के तकनीकी पहलुओं और अन्य गवाहों की जांच कर रही है ताकि मृतक के परिवार को न्याय मिल सके।