बिलासपुर..मतदाता सूची में नाम जोड़ने, किसी प्रविष्टि में सुधार कराने या सूची से जुड़ी आपत्ति दर्ज करने का मौका आने वाला है। भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2027 के लिए मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रारूप मतदाता सूची 12 नवंबर को प्रकाशित होगी और इसके बाद 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। पूरी प्रक्रिया के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

नवंबर में सामने आएगी मतदाता सूची

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा। एकीकृत मतदाता सूची का प्रारूप 12 नवंबर को प्रकाशित होगा। इसके साथ ही मतदाताओं को सूची में अपना नाम और दर्ज विवरण जांचने का अवसर मिलेगा। यदि नाम छूटा है या किसी प्रविष्टि में सुधार की जरूरत है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा प्रस्तुत किया जा सकेगा। सूची में दर्ज विवरण को लेकर आपत्ति भी इसी अवधि में दर्ज कराई जा सकेगी।

11 दिसंबर तक दावे, 28 दिसंबर तक निराकरण

दावा-आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।

मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की तारीख

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण और पुनर्गठन के लिए 2 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई है। निर्वाचन आयोग ने 15 अक्टूबर को पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की थी। अब निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।