LIVE UPDATE
Bilaspur

रात में बवाल, सुबह तनाव—रतनपुर में हमले से महिला की मौत, 7 घायल, गांव छावनी में तब्दील

शक ने लिया जानलेवा रूप—रतनपुर में धारदार हमले में महिला की हत्या, कई घायल

बिलासपुर… रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में देर रात एक हिंसक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। अवैध संबंध के शक में शुरू हुआ विवाद अचानक खूनी हमले में बदल गया, जिसमें एक महिला की जान चली गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सुमित श्रीवास, नैतिक श्रीवास और उनके साथियों ने शेख सलीम के परिवार को निशाना बनाते हुए धारदार हथियारों से हमला किया। हमला इतना अचानक और उग्र था कि मौके पर ही एक महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। साम्प्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और पूरे इलाके में बल तैनात कर दिया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं और स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखने की कोशिश जारी है।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है और अतिरिक्त बल तैनात कर गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर फोकस किया जा रहा है। फिलहाल पेंडरवा गांव में तनाव के बीच हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close