बिलासपुर… शहर में तंबाकू नियंत्रण नियमों का पालन कराने के लिए शुक्रवार को गांधी चौक और कोतवाली क्षेत्र की दुकानों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर 16 दुकानदारों के चालान काटे गए और कुल 2800 रुपये जुर्माना वसूला गया।

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 की धारा 4 और 6 के तहत चालान किए।

निरीक्षण के दौरान तंबाकू उत्पाद बेचने वाली कुछ दुकानों में माचिस और लाइटर भी मिले। टीम ने दुकानदारों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक की जानकारी भी दी गई।

चाय दुकानों, भोजनालयों और होटलों के संचालकों को सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित होने के बारे में बताया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों और आम नागरिकों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।

टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।