बिलासपुर/नवंबर की शुरुआत के साथ ही chhattisgarh के weather में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने माहौल को सुहाना बना दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का अहसास तेजी से बढ़ेगा। अगर आप भी सुबह-शाम की ठंड का इंतजार कर रहे थे, तो आपके लिए यह जानना जरूरी है कि इस हफ्ते मौसम कैसा रहने वाला है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 6 नवंबर को प्रदेश के दक्षिण और मध्य क्षेत्र के कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, राहत की बात यह है कि विभाग ने किसी भी तरह का भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है।

इसके बाद कल यानी 7 नवंबर से पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह से शुष्क (Dry) हो जाएगा। आने वाले 7, 8, 9, 10 और 11 नवंबर को बारिश की कोई गतिविधि देखने को नहीं मिलेगी और आसमान साफ रहने का अनुमान है।

गिरेगा पारा और बढ़ेगी सुबह-शाम की ठंड
मौसम में आ रहे इस बदलाव का सीधा असर अब न्यूनतम तापमान पर पड़ेगा। अगले 3 दिनों के भीतर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में रात और सुबह के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि रायपुर में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड हुआ।