cg news/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक एमबीबीएस छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। प्राथमिक जांच में परीक्षा के दो विषयों में बैक लगने के कारण अत्यधिक तनाव में आकर यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। मामला स्मृतिनगर चौकी थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अभिजीत देवांगन ग्राम चरौदा-जंजगीरी के रूप में हुई है। मृतक छात्र चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में तीसरे वर्ष का छात्र था। वह अवंति बाई चौक के पास एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि, अभिजीत ने कठिन परिश्रम और संघर्ष के बाद नीट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। परिजनों ने बताया कि, पिछली सेमेस्टर या परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद से अभिजीत काफी निराश और तनाव में रहने लगा था।

कुछ समय पहले ही उसने परिजनों के सामने घर से अलग एकांत में रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी। पिता की अनुमति मिलने के बाद उसने भिलाई के कोहका स्थित अवंति बाई चौक के पास एक पीजी में कमरा किराए पर लिया था। उसे वहां शिफ्ट हुए अभी मात्र 10 दिन ही हुए थे, जिसमें से वह इन दिनों में केवल पांच दिन ही वहां रुका था।

परिजनों ने जब खटखटाया दरवाजा
अभिजीत के परिजन किसी आवश्यक कार्य से भिलाई आए हुए थे।

वे एक मेडिकल स्टोर से दवाइयां लेने के बाद अपने बेटे से मिलने सीधे उसके पीजी पहुंच गए। वहां पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया और अभिजीत को 10 से 15 बार फोन कॉल भी किए, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों को इसकी सूचना दी। जब छात्रों ने खिड़की से टॉर्च की रोशनी डालकर अंदर देखा, तो अभिजीत कमरे के पंखे से फंदे पर लटका हुआ मिला।

कमरे से मिला सुसाइड नोट
छात्रों और परिजनों ने इसकी सूचना स्मृतिनगर चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की गहन तलाशी ली और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इस दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें अभिजीत ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। गुरुवार को पुलिस ने शव को सुपेला अस्पताल भेजकर उसका पोस्टमार्टम करवाया है। इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।