भोपाल। मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग के लोकसेवकों की ई-सेवा पुस्तिका को अपडेट करने की प्रक्रिया अब ऑनलाइन की जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने Education Portal 3.0 के माध्यम से शिक्षकों और अन्य लोकसेवकों को अपनी ई-सेवा पुस्तिका में दर्ज व्यक्तिगत, शैक्षणिक और पारिवारिक जानकारी में संशोधन एवं अद्यतन करने की सुविधा उपलब्ध कराई है।

इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, स्कूल शिक्षा विभाग के समस्त लोकसेवकों की ई-सेवा पुस्तिकाएं Education Portal 3.0 पर ऑनलाइन की जा चुकी हैं।

संकुल प्राचार्यों द्वारा इनका सत्यापन भी किया गया है। अब ई-सेवा पुस्तिका में दर्ज जानकारी में बदलाव या अपडेट करने के लिए लोकसेवक स्वयं अपनी यूनिक आईडी से पोर्टल पर लॉगिन कर सकेंगे।

विभाग ने ई-सेवा पुस्तिका में संशोधन के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियों को शामिल किया है। इसके तहत लोकसेवक अपने नाम और उपनाम, जन्मतिथि, ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर, दिव्यांगता, गंभीर बीमारी, कर्मचारी ट्रेजरी कोड, कर्मचारी प्रान कोड और वर्तमान पते से संबंधित जानकारी अपडेट कर सकेंगे।

इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता में वृद्धि होने पर उससे संबंधित विवरण दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है। पारिवारिक जानकारी के अंतर्गत वैवाहिक स्थिति, पति-पत्नी और बच्चों का विवरण तथा नामांकन (Nomination) से संबंधित जानकारी में भी संशोधन किया जा सकेगा।

निर्देश के अनुसार, लोकसेवक अपनी यूनिक आईडी से Education Portal 3.0 पर लॉगिन कर e-Service Book Updation मॉड्यूल में उपलब्ध चयनित फील्ड में आवश्यक संशोधन या अपडेट कर सकेंगे। संशोधित जानकारी से संबंधित दस्तावेजों की स्कैन प्रति अपलोड कर अनुरोध सबमिट करना होगा।

पोर्टल पर किए गए संशोधन अनुरोध संबंधित संकुल प्राचार्य को प्रदर्शित होंगे। संकुल प्राचार्य लोकसेवक द्वारा दर्ज की गई पुरानी और संशोधित जानकारी के साथ संलग्न दस्तावेजों का परीक्षण करेंगे।

जानकारी सही पाए जाने पर OTP के माध्यम से उसका अनुमोदन किया जाएगा। वहीं, त्रुटिपूर्ण या अपूर्ण जानकारी मिलने पर अनुरोध Reject किया जा सकेगा।

लोक शिक्षण संचालनालय ने कुछ महत्वपूर्ण जानकारियों के संशोधन के लिए अलग-अलग स्तर पर अनुमोदन की व्यवस्था निर्धारित की है। संकुल प्राचार्य के स्तर से प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित अनुरोध विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भेजे जाएंगे। संबंधित अधिकारी के अनुमोदन के बाद ही जानकारी अपडेट होगी।

निर्देश के अनुसार, नाम, जन्मतिथि और जाति से संबंधित संशोधन के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) स्तर पर अनुमोदन किया जाएगा।

वहीं, गंभीर बीमारी (Critical Illness) और दिव्यांगता (Handicapped) से संबंधित जानकारी के संशोधन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) स्तर से अनुमोदन आवश्यक होगा।