बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जोंकी में जमीन के खेल और मिलीभगत से 17.93 लाख रुपये की धोखाधड़ी का बड़ा मामला उजागर हुआ है। जिस जमीन का नामांतरण और राजस्व रिकॉर्ड करीब 18 साल पहले मूल खरीदार के नाम हो चुका था, उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कर दिए जाने का आरोप है।

मूल खरीदार हिमांशु दीक्षित की शिकायत पर सकरी पुलिस ने सहसराम निर्मलकर, भूपेंद्र यादव और एसपीआरएन मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आपराधिक षड्यंत्र व धोखाधड़ी के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

सिविल लाइन क्षेत्र के चांटापारा निवासी हिमांशु दीक्षित ने वर्ष 2007 में सहसराम निर्मलकर से ग्राम जोंकी स्थित लगभग 1.23 एकड़ जमीन रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदी थी। इसके बाद नामांतरण की प्रक्रिया पूरी हुई और राजस्व अभिलेखों में उनका नाम भी दर्ज हो गया।

शिकायत के मुताबिक, इसके बावजूद सहसराम निर्मलकर ने 22 मार्च 2026 को वही जमीन भूपेंद्र यादव के नाम रजिस्ट्री कर दी। आरोप है कि भूपेंद्र यादव ने अगले ही दिन 23 मार्च 2026 को यह जमीन एसपीआरएन मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम बेच दी।

हिमांशु दीक्षित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से जमीन का दोबारा सौदा किया और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया। उन्होंने राजस्व दस्तावेजों में हुई गड़बड़ी तथा दूसरी ऋण पुस्तिका जारी होने के मामले की भी जांच की मांग की है। पुलिस अब संबंधित रजिस्ट्री और राजस्व रिकॉर्ड की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

शिकायत में बताया गया है कि 22 मार्च 2026 को सहसराम निर्मलकर ने ग्राम जोंकी की जमीन भूपेंद्र यादव के नाम रजिस्ट्री की, और इसके ठीक अगले दिन 23 मार्च 2026 को भूपेंद्र ने वही जमीन एसपीआरएन मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम कर दी। इतनी तेजी से हुए इन लेन-देन को शिकायतकर्ता ने कथित सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा बताया है और सभी संबंधित पक्षों की भूमिका की गहन जांच कराने की मांग की है।

18 साल से शिकायतकर्ता के नाम राजस्व रिकॉर्ड का दावा
हिमांशु दीक्षित के अनुसार, वर्ष 2007 में जमीन खरीदने के बाद 25 जुलाई को नामांतरण आदेश पारित किया गया था और 26 अगस्त 2007 को राजस्व अभिलेखों में प्रविष्टि प्रमाणित हुई थी। उनके नाम से ऋण पुस्तिका भी जारी की गई थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि मूल ऋण पुस्तिका आज भी उनके पास सुरक्षित है, ऐसे में दूसरी ऋण पुस्तिका कैसे जारी हुई, इसकी भी जांच की जानी चाहिए। सकरी पुलिस दस्तावेजों व साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।