सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में तीन साल की परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूरी कर चुके नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों की सेवा समाप्ति संबंधी प्रक्रिया को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।

पात्र शिक्षकों की सेवा नस्ती (फाइल) तैयार कर निर्धारित दस्तावेजों के साथ तीन दिन के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है।

समय-सीमा में फाइल जमा नहीं होने पर संबंधित प्राचार्य को जिम्मेदार माना जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सागर की ओर से 27 नवंबर 2026 को जारी पत्र में जिले के सभी संबंधित शासकीय हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे पात्र प्राथमिक शिक्षकों की सेवा नस्ती तैयार कर तत्काल प्रस्तुत करें।

जारी पत्र के अनुसार, इससे पहले 13 अक्टूबर 2026 को कार्यालय द्वारा निर्देश जारी कर तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूरी करने वाले नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त किए जाने के लिए पात्र शिक्षकों की सेवा फाइल तैयार कर 16 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध कराने को कहा गया था।

हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार कुछ प्राचार्यों द्वारा संबंधित शिक्षकों की सेवा नस्ती निर्धारित समय तक तैयार कर उपलब्ध नहीं कराई गई।

कार्यालय को प्राप्त फाइलों का गठित समिति से परीक्षण कराने पर यह भी पाया गया कि कुछ प्राचार्यों ने संबंधित प्राथमिक शिक्षकों की सेवा नस्ती में आवश्यक दस्तावेजों का समुचित परीक्षण किए बिना ही फाइल भेज दी थी। इसे पद की गरिमा के विपरीत बताया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने दोबारा निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन प्राथमिक शिक्षकों की सेवा नस्ती कार्यालय में उपलब्ध नहीं है, उनके नामों की सूची संबंधित प्राचार्यों को भेजी जा रही है।

प्राचार्यों को निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद पात्र शिक्षकों की सेवा फाइल तीन दिन के भीतर अनिवार्य रूप से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि फाइल भेजने से पहले संबंधित दस्तावेजों की जांच और उनका समुचित सत्यापन करना प्राचार्य की जिम्मेदारी होगी। निर्धारित समय-सीमा में नस्ती प्राप्त नहीं होने की स्थिति में संबंधित प्राचार्य स्वयं जिम्मेदार होंगे।