LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG Today Weather: छत्तीसगढ़ में फिर लौट रही है ठंड, उत्तर भारत की बर्फीली हवाओं से गिरेगा पारा, शीतलहर और कोहरे का अलर्ट

CG Today Weather: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज में एक बार फिर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। उत्तर भारत में सक्रिय हुए ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव से प्रदेश में बर्फीली हवाओं का आना शुरू हो गया है, जिसके चलते अगले 48 घंटों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, इस नए सिस्टम के कारण कड़ाके की ठंड की वापसी होगी और कुछ ग्रामीण इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बन सकते हैं।

वर्तमान में उत्तर भारत की ओर से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 10.4°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.8°C रहा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक रात के तापमान(CG Today Weather)में गिरावट का दौर जारी रहेगा, जिससे सुबह और रात के समय ज्यादा ठंड महसूस होगी। हालांकि, दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग में अगले चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और वहां मौसम स्थिर बना रहेगा।

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि भले ही न्यूनतम तापमान गिर रहा है, लेकिन दिन के समय चटख धूप निकलने से अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

हालांकि, सुबह के वक्त प्रदेश के कई हिस्सों में हल्का कोहरा और धुंध छाई रह सकती है, जिससे विजिबिलिटी पर थोड़ा असर पड़ेगा।

उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो जिलों में शीतलहर (CG Today Weather) की चेतावनी भी जारी की गई है। राहत की बात यह है कि इस पूरे सिस्टम का असर केवल ठंडी हवाओं तक ही सीमित है, इसलिए फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि 48 घंटों की इस मामूली गिरावट के बाद मौसम फिर करवट लेगा और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी।

Back to top button
close