Cg news।बेमेतरा।छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला में खाद्य सुरक्षा विभाग और रायपुर विजिलेंस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में संदिग्ध और दूषित खाद्य सामग्री बरामद की गई है।

रविवार शाम लिमाही चौक स्थित उत्सव डेयरी में छापेमारी के दौरान करीब 3 टन खाद्य सामग्री बेहद गंदगी और बदबू के बीच रखी मिली। इसमें लगभग 2 हजार किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 से 200 किलो मिठाइयां शामिल थीं।

अधिकारियों ने नगर पंचायत प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर पूरी सामग्री को जमीन में नष्ट करा दिया।

गुप्त सूचना पर डेयरी में पहुंची टीम

जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग की रायपुर विजिलेंस टीम को सूचना मिली थी कि बेरला की उत्सव डेयरी में बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री अमानक और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई है।

इसके बाद विजिलेंस टीम ने स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से डेयरी परिसर में दबिश दी।

जांच के दौरान कोल्ड स्टोरेज और उसके आसपास भारी गंदगी तथा दुर्गंध पाई गई। परिसर के कई हिस्सों में पानी जमा था और जमीन पर कीचड़ फैला हुआ था। इसी जगह पर बड़ी मात्रा में खोवा, पनीर और बूंदी के लड्डू व मिल्क केक जैसी मिठाइयां रखी मिलीं।

अधिकारियों के मुताबिक, खाद्य सामग्री की स्थिति बेहद खराब थी और उसे इस्तेमाल के योग्य नहीं माना गया।

जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराई गई सामग्री

कार्रवाई के दौरान डेयरी संचालक हरीश साहू मौके पर मौजूद नहीं थे। बताया गया कि उनकी पत्नी की सहमति और उपस्थिति में नगर पंचायत प्रशासन तथा पुलिस बल की मौजूदगी में खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।

इसके लिए जेसीबी से बड़ा गड्ढा खुदवाया गया और करीब तीन टन सामग्री को जमीन में दबा दिया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग या बिक्री न हो सके।

इस दौरान यह भी बताया गया कि दीपावली के समय मजदूरों की कमी के कारण संचालक कथित तौर पर इस सामग्री को नष्ट नहीं करा पाए थे। हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री को लंबे समय तक अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे जाने को लेकर कार्रवाई के दौरान सवाल उठे।

गंदे पानी से परेशान थे आसपास के परिवार

उत्सव डेयरी को लेकर स्थानीय रहवासियों की शिकायतें भी सामने आई थीं। डेयरी के पीछे रहने वाले गंगाधर सिन्हा सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया था कि परिसर से निकलने वाला गंदा और दूषित पानी आसपास के रिहायशी इलाकों में भर रहा है। इससे करीब 10 से 20 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, गंदे पानी और दुर्गंध के कारण आसपास रहना मुश्किल हो गया था।

सैंपल लैब भेजे गए, रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सामग्री को नष्ट कराने से पहले उसके आवश्यक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए जाने पर डेयरी संचालक के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।