CG News/बिलासपुर। मेडिकल पीजी (एमडी) में सीट दिलाने का सब्जबाग दिखाकर ठग गिरोह ने एक MBBS डॉक्टर के पिता से 1 करोड़ 29 लाख 37 हजार रुपए की बड़ी ठगी कर ली। बेटे के उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोए 55 वर्षीय पिता ने रकम जुटाने के लिए एजुकेशन लोन लिया और अपना घर तक गिरवी रख दिया।

आरोपियों ने उन्हें फर्जी अलॉटमेंट लेटर थमाकर लंबे समय तक झांसे में रखा। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी गिरोह ने एक अन्य डॉक्टर को भी पीजी सीट दिलाने के नाम पर 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए का चूना लगा दिया। करीब दो साल तक पैसे वापस मिलने की उम्मीद में भटकने के बाद आखिरकार पीड़ित पिता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित पिता की रिपोर्ट पर सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, उत्तराखंड और बिलासपुर से जुड़े पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना की सात धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस की टीमें आरोपियों के नेटवर्क और लोकेशन खंगालते हुए उनकी तलाश में जुटी हैं।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके एमबीबीएस उत्तीर्ण बेटे ने वर्ष 2023 में नीट पीजी की परीक्षा दी थी। उस दौरान नेशनल मेडिकल काउंसिल द्वारा जीरो परसेंटाइल पर एडमिशन की पात्रता घोषित किए जाने के बाद बेटे ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था।

इसी मौके का फायदा उठाकर अक्टूबर 2023 में गिरोह के एक सदस्य ने पीड़ित से संपर्क किया और एमडी रेडियोलॉजी या मेडिसिन की सीट दिलाने का दावा किया। शुरुआत में ढाई करोड़ रुपए खर्च आने की बात कही गई, लेकिन बाद में सौदा 2.30 करोड़ रुपए में तय हुआ।

विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने वाट्सएप पर 3.54 लाख रुपए फीस जमा होने का फर्जी अलॉटमेंट लेटर भेजा और बेटे को मैंगलोर के एक मेडिकल कॉलेज में रिपोर्ट करने के लिए कहा। जब पीड़ित अपने बेटे के साथ मैंगलोर पहुंचे, तो गिरोह के दूसरे सदस्य ने वहां सीट उपलब्ध न होने का बहाना बनाया और दोनों को सीधे बेंगलुरु ले गया। वहां एक व्यक्ति से मिलवाया गया, जिसने खुद को डॉक्टर और यूनिवर्सिटी का असिस्टेंट रजिस्ट्रार बताया। इस दिखावे से पिता-पुत्र को भरोसा हो गया कि प्रक्रिया सही दिशा में चल रही है, जबकि धीरे-धीरे बड़ी रकम ऐंठ ली गई।

दूसरे डॉक्टर से भी 1.45 करोड़ की ठगी, पुराने मामले की भी याद

जांच में यह भी सामने आया कि पीड़ित को झांसे में लेने के बाद इसी गिरोह ने उनके परिचित, रिंग रोड निवासी एक डॉक्टर से भी पीजी एडमिशन के नाम पर करीब 1 करोड़ 45 लाख 33 हजार रुपए ठग लिए। वह डॉक्टर भी अपनी गाढ़ी कमाई वापस पाने के लिए गिरोह के सदस्यों के चक्कर लगाने को मजबूर है।

उधर, शहर में एडमिशन ठगी के मामलों में धीमी कार्रवाई को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। साल 2013 में एमबीबीएस सीट के नाम पर 4 लाख रुपए की ठगी के 2018 में दर्ज मामले में आठ साल तक आरोपियों के न पकड़े जाने पर 12 पुलिस अफसरों से जवाब तलब किया गया था।