free transaction usage rbi -नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एटीएम और पॉइंट ऑफ सेल (POS) टर्मिनलों के जरिए नकद निकासी से जुड़े नियमों को एकीकृत करते हुए नया मास्टर डायरेक्शन जारी किया है। इसके साथ ही वर्ष 2008 से 2022 के बीच जारी किए गए 17 पुराने सर्कुलर वापस ले लिए गए हैं। नए दिशा-निर्देशों में बैंकों को ग्राहकों को मुफ्त एटीएम लेनदेन की संख्या, इस्तेमाल की गई सीमा और निर्धारित सीमा समाप्त होने के बाद लगने वाले शुल्क की स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

free transaction usage rbi -RBI ने स्पष्ट किया है कि नए फ्रेमवर्क के तहत मौजूदा मुफ्त एटीएम लेनदेन की सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, ग्राहकों को शुल्क और लेनदेन की जानकारी देने के तरीके को अधिक पारदर्शी बनाया गया है। नए निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने की बात कही गई है।

ATM पर बतानी होगी मुफ्त लेनदेन की सीमा और शुल्क

नए नियमों के अनुसार, बैंकों को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी होगी, जिससे ग्राहक हर महीने अपने द्वारा इस्तेमाल किए गए मुफ्त एटीएम लेनदेन की संख्या जान सकें। मुफ्त सीमा समाप्त होने के बाद लागू होने वाले शुल्क की जानकारी भी स्पष्ट रूप से देनी होगी।

RBI ने बैंकों को अपने एटीएम पर यह प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है कि संबंधित एटीएम मेट्रो क्षेत्र में है या गैर-मेट्रो क्षेत्र में। इसके अलावा अधिकतम नकद निकासी सीमा, मुफ्त लेनदेन की संख्या और लागू शुल्क की जानकारी अंग्रेजी, हिंदी तथा स्थानीय भाषा में उपलब्ध करानी होगी।

अपने और दूसरे बैंक के ATM पर कितने मुफ्त ट्रांजैक्शन?

RBI ने मुफ्त एटीएम लेनदेन की मौजूदा सीमा बरकरार रखी है। बचत खाते के ग्राहकों को अपने बैंक के एटीएम पर हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन मिलेंगे। इसमें वित्तीय और गैर-वित्तीय दोनों तरह के लेनदेन शामिल हैं।

दूसरे बैंकों के एटीएम का इस्तेमाल करने पर मुफ्त लेनदेन की सीमा इस प्रकार है:free transaction usage rbi

  • मेट्रो शहरों में: दूसरे बैंक के एटीएम पर हर महीने तीन मुफ्त लेनदेन।
  • गैर-मेट्रो क्षेत्रों में: दूसरे बैंक के एटीएम पर हर महीने पांच मुफ्त लेनदेन।

यदि ग्राहक मेट्रो और गैर-मेट्रो दोनों श्रेणियों के एटीएम का इस्तेमाल करता है, तो दूसरे बैंकों के एटीएम पर कुल मुफ्त लेनदेन की सीमा पांच ही रहेगी। बैंक चाहें तो ग्राहकों को निर्धारित सीमा से अधिक मुफ्त लेनदेन की सुविधा भी दे सकते हैं।

मुफ्त सीमा के बाद कितना लगेगा ATM चार्ज?

निर्धारित मुफ्त सीमा समाप्त होने के बाद बैंक प्रत्येक अतिरिक्त लेनदेन पर अधिकतम 23 रुपये शुल्क वसूल सकते हैं। इसके अलावा लागू कर अलग से लिया जा सकता है। RBI ने बैंकों को ऐसे शुल्क निर्धारित करने के लिए बोर्ड से मंजूर नीति बनाए रखने का निर्देश भी दिया है।

तकनीकी कारणों से फेल ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा शुल्क/free transaction usage rbi

नए दिशा-निर्देशों में असफल एटीएम लेनदेन को लेकर भी स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं। यदि तकनीकी कारणों से नकदी नहीं निकलती है, तो ऐसे लेनदेन को वैध ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा और उस पर कोई शुल्क नहीं लगाया जा सकेगा।

इसमें एटीएम के हार्डवेयर या सॉफ्टवेयर में खराबी, संचार प्रणाली की विफलता और मशीन में नकदी समाप्त होने जैसी परिस्थितियां शामिल हैं। इसी तरह, यदि लेनदेन असफल होने का कारण पूरी तरह बैंक या सेवा प्रदाता की ओर से है, तो उसे भी शुल्क योग्य ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा।

POS मशीन से भी निकाल सकेंगे नकद

RBI के नए मास्टर डायरेक्शन में डेबिट कार्ड, पूर्ण केवाईसी वाले प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) और UPI के जरिए POS टर्मिनलों पर नकद निकासी की व्यवस्था भी शामिल की गई है। इसके तहत ग्राहक एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये निकाल सकेंगे। इस सुविधा के तहत कुल मासिक नकद निकासी की सीमा 10,000 रुपये निर्धारित की गई है।

यदि इस सुविधा पर कोई शुल्क लगाया जाता है, तो वह निकाली गई राशि के एक प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता। यानी POS टर्मिनल से नकद निकालने पर शुल्क की अधिकतम सीमा निकासी की रकम के आधार पर तय होगी।

खरीदारी करना अनिवार्य नहीं, रसीद में दिखानी होगी अलग-अलग राशि

RBI ने स्पष्ट किया है कि व्यापारी प्रतिष्ठानों पर POS टर्मिनल के जरिए नकद निकासी की सुविधा ग्राहक को खरीदारी करने और बिना खरीदारी किए, दोनों ही स्थितियों में उपलब्ध होनी चाहिए। यानी केवल नकद निकालने के लिए किसी ग्राहक को सामान खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकेगा।

यदि ग्राहक खरीदारी के साथ नकद निकासी भी करता है, तो व्यापारी को दी जाने वाली रसीद में खरीदारी की रकम और निकाली गई नकदी का अलग-अलग उल्लेख करना अनिवार्य होगा।

नए मास्टर डायरेक्शन का उद्देश्य एटीएम और POS टर्मिनल से नकद निकासी के नियमों को एक जगह स्पष्ट करना और ग्राहकों को लेनदेन तथा शुल्क से जुड़ी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। यह फ्रेमवर्क अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, सहकारी बैंकों, अधिकृत भुगतान प्रणाली प्रदाताओं और संबंधित संस्थाओं पर लागू होगा।