CG News -छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. जिले के लेमरू थाना क्षेत्र अंतर्गत अरतेरा गांव के पास जंगल में एक ही पेड़ पर साड़ी के फंदे से युवक और युवती के शव लटके पाए गए.

CG News.एक साथ दो मौतों की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में मातम छा गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम अरतेरा गांव के कुछ ग्रामीण निजी काम से पास के जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान उन्होंने पेड़ पर साड़ी से बने एक ही फंदे पर युवक और युवती के शव झूलते देखे.

ग्रामीणों ने तुरंत गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों और लेमरू थाना पुलिस को दी. खबर मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की.

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने मृतकों की पहचान मुकेश यादव (21 वर्ष) और मुनिता (18 वर्ष) के रूप में की. दोनों अरतेरा गांव के ही रहने वाले थे और बचपन से एक-दूसरे से परिचित थे.

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम तक दोनों अपने-अपने घरों में थे, लेकिन इसके बाद अचानक लापता हो गए. शनिवार सुबह से परिजन उनकी तलाश में जुटे थे, जिसके बाद शाम को जंगल से यह दुखद खबर आई.

एक ही फंदे पर दोनों के शव मिलने के कारण पुलिस शुरुआती तौर पर इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा खुदकुशी का मामला मानकर जांच कर रही है.

लेमरू थाना पुलिस ने दोनों परिवारों के बयान दर्ज कर लिए हैं. पुलिस अब मोबाइल सीडीआर (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किन परिस्थितियों में घर से निकले थे. थाना प्रभारी लोकनाथ यादव ने बताया कि सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा होसकेगा.