रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें दो अज्ञात लोगों ने पहले बर्तन और चांदी के सामान चमकाकर परिवार का भरोसा जीता और फिर सोने के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने जेवर साफ करने के नाम पर ऐसा झांसा दिया कि परिवार को ठगी का पता तब चला, जब काफी देर तक इंतजार करने के बाद उन्होंने कटोरी की जांच की।

चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पीड़ित परिवार की शिकायत पर धरमजयगढ़ पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना धरमजयगढ़ के बहेरापारा निवासी सोनू ठाकुर के घर की है। गुरुवार को दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे। उन्होंने घर में रखे पीतल और तांबे के बर्तनों के साथ चांदी के सामान को विशेष केमिकल से साफ कर चमका दिया। उनकी सफाई देखकर परिवार को उन पर भरोसा हो गया। इसके बाद दोनों ने घर में रखे सोने के गहनों को भी साफ कर नया जैसा चमकाने का दावा किया।

परिवार उनकी बातों में आ गया और सोने की चेन, कंगन सहित अन्य आभूषण साफ करने के लिए उन्हें सौंप दिए।

आरोपियों ने सभी गहनों को एक कटोरी में डालकर उसमें पानी, हल्दी और केमिकल मिलाया। फिर कटोरी को गैस पर रखकर करीब 10 मिनट तक उबालने के लिए कहा। उन्होंने परिवार को हिदायत दी कि घोल में खतरनाक केमिकल है, इसलिए 10 मिनट से पहले कटोरी को न छुएं, वरना गहने खराब हो सकते हैं।

इसके बाद दोनों आरोपी किसी काम का बहाना बनाकर वहां से निकल गए। परिवार को उम्मीद थी कि वे कुछ देर में लौटकर गहने साफ करके दे देंगे। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी जब दोनों वापस नहीं आए, तो परिजनों को शक हुआ। रसोई में जाकर कटोरी की जांच की गई तो उसमें रखे सोने के मुख्य आभूषण गायब मिले। तब परिवार को समझ आया कि बर्तन चमकाने के बहाने घर पहुंचे दोनों व्यक्ति उनके साथ ठगी कर गए हैं।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने धरमजयगढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।