Cg news।रायपर। बैंक घोटाले के मुख्य आरोपी विश्वजीत भौमिक को 14 दिन की पुलिस रिमाण्ड में पूछताछ के बाद ईओडब्ल्यू ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ईओडब्ल्यू एसीबी), रायपुर ने छह वर्ष पूर्व दर्ज मामले में यह कार्रवाई की है

विश्वजीत भौमिक, 56 निवासी विवेकानंद नगर, मोपका (वर्तमान पता—विनोबा नगर, गायत्री मंदिर के पास), बिलासपुर को 18 जून 26 को गिरफ्तार किया गया था। उसके विरुद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471, 120-बी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 12 एवं 13(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध है।

मोपका निवासी विश्वजीत भौमिक 56 बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा राजकिशोर नगर, बिलासपुर में 20 मार्च 18 से 31 म?ई 19 के मध्य ओवरड्राफ्ट, टर्म लोन, बैंक गारंटी एवं कैश क्रेडिट (सी.सी.) लिमिट के रूप में स्वीकृत ऋणों में गंभीर अनियमितताओं एवं धोखाधड़ी की शिकायत प्राप्त होने पर प्रकरण की जाँच की गई।

इसमें यह तथ्य सामने आया कि आरोपी विश्वजीत भौमिक ने बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर स्वयं तथा अपनी पत्नी के नाम से अनेक फर्जी (शेल) फर्में स्थापित कीं। इन फर्मों के माध्यम से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर लगभग 5.04 करोड़ का ऋण स्वीकृत कराया गया तथा ऋण राशि का दुरुपयोग किया गया।

आरोपी फाइनेंशियल कंसल्टेंसी एवं बैंक ऋण उपलब्ध कराने के कार्य की आड़ में इस पूरे षड्यंत्र को संचालित करता था। उसके पास बैंक ऋण संबंधी कार्यों के लिए आने वाले लोगों का विश्वास जीतकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, जी.एस.टी. दस्तावेज तथा संपत्ति से संबंधित मूल अभिलेख प्राप्त कर लिए जाते थे।

इसके पश्चात बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से उन्हीं दस्तावेजों का उपयोग अन्य शेल फर्मों के ऋणों में गारंटर अथवा बंधक के रूप में किया जाता था। एक हितग्राही की संपत्ति को दूसरी फर्म के ऋण हेतु गिरवी दर्शाकर, नामधारी व्यक्तियों को वास्तविक लाभ दिए बिना ऋण राशि आरोपी की फर्मों के खातों में डायवर्ट कर दी जाती थी।

विश्वजीत ने ऋण खातों से संबंधित ब्लैंक चेक-बुकों पर पूर्व में ही हस्ताक्षर करवा लिए जाते थे तथा खाताधारकों एवं जमानतदारों की जानकारी के बिना समस्त वित्तीय लेन-देन स्वयं संचालित किया जाता था। बैंक को धोखाधड़ी की जानकारी न हो, इसके लिए कुछ राशि जानबूझकर खातों में छोड़ी जाती थी ताकि ब्याज एवं किश्तों का नियमित भुगतान होता रहे।

मौके पर किए गए निरीक्षण में किसी भी फर्म की वास्तविक व्यावसायिक इकाई स्थापित होना नहीं पाया गया। विवेचना में यह भी उजागर हुआ कि ऋण स्वीकृत कराने के एवज में संबंधित बैंक अधिकारियों को अनुचित लाभ पहुँचाया गया।

इस प्रकार आरोपी द्वारा बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बैंक के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर आर्थिक क्षति पहुँचाई गई। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।