रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को पत्र लिखा जल्द ही अध्यक्ष के रिक्त पद पर पदोन्नति व अन्य नियुक्ति की मांग की है महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण में हो रहे विलंब पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव से अध्यक्ष की नियुक्ति शीघ्र किए जाने की मांग की है।

संघ के प्रांताध्यक्ष कमल वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है। आयोग के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं में भर्ती, चयन एवं नियमानुसार पदोन्नति से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का संपादन किया जाता है। ऐसे महत्वपूर्ण संस्थान में अध्यक्ष का पद रिक्त रहने से आयोग के कार्यों के नियमित एवं प्रभावी संचालन तथा विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि पदोन्नति से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब होने से पात्र अधिकारियों के सेवागत हित प्रभावित होते हैं। समय पर पदोन्नति नहीं मिलने से अधिकारियों को उनके सेवाकालीन एवं आर्थिक लाभ प्राप्त करने में भी विलंब हो सकता है।

इसके अतिरिक्त, विभिन्न विभागों में उच्च पदों पर रिक्तियों के कारण प्रशासनिक कार्यों की दक्षता भी प्रभावित हो सकती है।

कमल वर्मा ने कहा कि लोक सेवा आयोग जैसे महत्वपूर्ण संस्थान का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। अध्यक्ष की नियुक्ति में विलंब के कारण लंबित प्रकरणों का निराकरण प्रभावित नहीं होना चाहिए। राज्य के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवागत हितों तथा प्रशासनिक व्यवस्था की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव से मांग की है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा पदोन्नति सहित अन्य महत्वपूर्ण लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।