CG News/रायपुर। राजधानी में सफाई व्यवस्था को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

शहर के विभिन्न स्थानों पर गंदगी पाए जाने के मामले में रायपुर नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें उपायुक्त एवं सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं। विभाग ने दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

नगरीय प्रशासन विभाग ने रायपुर नगर निगम आयुक्त को भी निर्देशित किया है कि दोनों अधिकारियों से प्राप्त जवाब का परीक्षण कर अपना अभिमत सहित संचालनालय को भेजें। विभाग ने शहर में सफाई व्यवस्था की लगातार समीक्षा और सुधार के निर्देशों के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है।

दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में विभाग ने उल्लेख किया है कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। परिणामस्वरूप शहर के अलग-अलग स्थानों पर गंदगी फैले होने से संबंधित खबरें लगातार समाचार पत्रों में प्रकाशित हो रही हैं।

नोटिस में कहा गया है कि ऐसी खबरों से नगर निगम और शासन की छवि प्रभावित होती है तथा संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी के लिए दोनों अधिकारी प्रथम दृष्टया जिम्मेदार प्रतीत होते हैं।

तीन दिन में जवाब नहीं देने पर हो सकती है एकपक्षीय कार्रवाई

विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है। दोनों अधिकारियों को रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से तीन दिनों के भीतर अपना जवाब देने को कहा गया है।

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जा सकती है। अब दोनों अधिकारियों के जवाब और उस पर विभागीय परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।