Cg news।सोमवार को प्रतिबंधित नक्सली संगठन से जुड़ी सीनापाली एरिया कमेटी और एसडीके एरिया कमेटी के 9 सदस्यों ने गरियाबंद में अपने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है। पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वालों पर कुल 45 लाख रुपये का ईनाम घोषित था।

इस संबंध में सोमवार शाम को रक्षित केंद्र गरियाबंद में रायपुर के आईजी अमरेश मिश्रा ने प्रेसवार्ता ली। जिसमें बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में डिवीजनल और एरिया कमेटी स्तर के पदों पर कार्यरत लोग शामिल हैं। इनके पास से छह ऑटोमेटिक हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि ये सभी लोग ओडिशा और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय बताए जाते रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि तीन ने एके 47 हथियार, दो ने एसएलआर हथियार, एक ने 303 हथियार के साथ समर्पण किया।

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में 8 लाख रूपये के ईनामी अंजू उर्फ कविता ग्राम ऐरमानड, पंचायत पोलेमपल्ली, तहसील कौटा, जिला सुकमा की निवासी है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2004 में संगठन से जुड़ीं और विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया। गरियाबंद जिले में इनके विरुद्ध 19 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 1 लाख रूपये के ईनामी एसडीके एरिया कमेटी से सरूपा जुड़ी रही हैं और पार्टी सदस्य बताई गई हैं।

पुलिस का कहना है कि यह आत्मसमर्पण शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत हुआ है। प्रशासन के अनुसार, इस नीति के अंतर्गत आत्मसमर्पण करने वालों को नियमानुसार प्रोत्साहन राशि, पुनर्वास, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं दी जाती हैं।

पुलिस का यह भी दावा है कि लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों और जागरूकता कार्यक्रमों का इस आत्मसमर्पण पर प्रभाव पड़ा है। इस प्रक्रिया में गरियाबंद पुलिस की ई-30 टीम, एसटीएफ, सीआरपीएफ, कोबरा और अन्य बलों की भूमिका बताई गई है।

पुलिस ने अपील की है कि जो लोग अब भी हिंसा से जुड़े मार्ग पर हैं, वे शासन की आत्मसमर्पण नीति के तहत आगे आ सकते हैं। इसके लिए नक्सल सेल गरियाबंद का संपर्क नंबर 94792-27805 जारी किया गया है।