LIVE UPDATE
Bilaspur

भीषण गर्मी पर प्रशासन अलर्ट: स्कूल टाइम बदलेगा, दोपहर में ट्रैफिक जवानों को भी राहत

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू की कलेक्टर संजय अग्रवाल से बातचीत

बिलासपुर …बढ़ती गर्मी ने प्रशासन को त्वरित फैसले की ओर धकेल दिया है। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू की पहल पर जिला प्रशासन अब स्कूलों के समय में बदलाव की तैयारी में है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संकेत दे दिया है—जल्द आदेश जारी होगा।

अभिभावकों की मांग ने बदला रुख

लगातार बढ़ते तापमान और अभिभावकों के दबाव ने मुद्दे को गंभीर बना दिया। दोपहर की चिलचिलाती धूप में बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल होता जा रहा है। पारा 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है, ऐसे में अभिभावकों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समय बदलने की मांग तेज कर दी थी।

सुबह 11 बजे तक लगेंगी कक्षाएं

केंद्रीय मंत्री ने कलेक्टर से सीधी चर्चा की। बातचीत के बाद सहमति बनी—अब स्कूलों का संचालन सुबह से लेकर अधिकतम 11 बजे तक ही होगा। इससे बच्चों को दोपहर की तेज गर्मी से राहत मिलेगी।

ट्रैफिक जवानों को भी राहत

फैसला सिर्फ स्कूलों तक सीमित नहीं रहा। दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक ट्रैफिक जवानों को भी ड्यूटी से राहत देने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान चौक-चौराहों पर जवान तैनात नहीं रहेंगे।

प्रशासन ने साफ किया—वाहन चालक ट्रैफिक सिग्नल और नियमों का पालन खुद सुनिश्चित करें। यह व्यवस्था सामूहिक जिम्मेदारी पर आधारित रहेगी।

पुलिस और प्रशासन एक लाइन पर

एसएसपी रजनेश सिंह ने भी निर्देशों के पालन को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है—जवानों को गर्मी से बचाते हुए व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।

जल्द जारी होगा आदेश

सूत्रों के अनुसार, कलेक्टर संजय अग्रवाल जल्द ही शिक्षा विभाग के माध्यम से आधिकारिक आदेश जारी करेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है—गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं और सतर्क रहें।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close