जनगणना कार्य शुरू,निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने किया निरीक्षण
बहुत आसानी से दर्ज की जा रही जानकारी,पांच मिनट में सफलता पूर्वक दर्ज हो रही जानकारी

बिलासपुर- राष्ट्रीय जनगणना कार्य का शुभारंभ आज से बिलासपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में हो गया। जनगणना के प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग का कार्य प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों से निर्धारित जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।

यह कार्य पूरे मई माह तक संचालित किया जाएगा।निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने उस्लापुर क्षेत्र में जाकर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर निगम कमिश्नर श्री सर्वे ने जनगणना देश के विकास और नीति निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें।
चर्चा करने पर प्रगणकों ने बताया कि लगभग 5 मिनट में 33 बिंदुओं पर आधारित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल में सफलतापूर्वक दर्ज हो रही है। हाईटेक व्यवस्था हो जाने से जनगणना कार्य सरल और सहज रूप से क्रियान्वित हो रहा है।विदित है कि जनगणना में दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं।
व्यक्तिगत आंकड़ों को किसी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जा सकता तथा यह सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत भी उपलब्ध नहीं कराई जाती। इन आंकड़ों का उपयोग केवल शासन की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में किया जाता है।





