नई दिल्ली…राजधानी दिल्ली एक बार फिर बम धमकी के साए में आ गई है। बुधवार सुबह दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्थित 50 से अधिक स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इनमें मालवीय नगर, करोल बाग, हौज रानी और प्रसाद नगर के कई स्कूल शामिल हैं। धमकी मिलते ही अभिभावकों और छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।

डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीम मौके पर

जैसे ही धमकी भरे मेल की जानकारी मिली, दिल्ली पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस के साथ-साथ डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल टीम और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू की। हालांकि अब तक तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही 32 स्कूलों को इसी तरह ई-मेल से धमकी दी गई थी। वहीं, 18 अगस्त को द्वारका के दो स्कूल और एक कॉलेज को बम की धमकी मिली थी, जिसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल, द्वारका भी शामिल था। उससे पहले 16 जुलाई को पांच स्कूलों को धमकी दी गई थी। हर बार पुलिस की जांच के बाद धमकी झूठी निकली है।

छात्र- अभिभावकों में दहशत

लगातार मिल रही धमकियों से छात्रों और अभिभावकों में दहशत और चिंता का माहौल है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोग परेशान हैं। पुलिस का कहना है कि हर मेल की गहन जांच की जा रही है और साइबर सेल को भी अलर्ट किया गया है।

जांच जारी, सुरक्षा बढ़ाई गई

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी तक जांच में धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही। दिल्ली पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और पूरी तरह से सतर्क रहें।