बिलासपुर… शहर में राहगीरों से लूटपाट और सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। सरकंडा पुलिस ने सेंदरी-मोपका और बैमा-नगोई बाईपास मार्ग पर चाकू और बेल्ट से हमला कर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक अपचारी बालक समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 47 मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, तीन धारदार चाकू, बेल्ट और नगदी समेत अन्य सामान बरामद हुआ है।

वहीं तोरवा पुलिस ने भी अलग-अलग कार्रवाई में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाले 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों में मिले दो आदतन बदमाशों और तीन महिलाओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया, सभी को जेल भेज दिया गया।

राहगीरों को रोककर लूटता था गिरोह

सरकंडा पुलिस के मुताबिक सेंदरी-मोपका और बैमा-नगोई बाईपास मार्ग पर पिछले दिनों राहगीरों को रोककर चाकू और बेल्ट से मारपीट कर मोबाइल व अन्य सामान लूटने की शिकायतें मिल रही थीं। 16 अगस्त की रात नगोई निवासी टिकेश्वर मिश्रा को चार युवकों ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल से पीछा कर रोका और बेल्ट से मारपीट करते हुए मोबाइल, बैग, एटीएम कार्ड, पासबुक और अन्य सामान लूट लिया। सामान की कीमत करीब 20,500 रुपये बताई गई।

इसी रात सेंदरी-मोपका बाईपास पर अभिनव शास्त्री और नितेश यादव को चाकू दिखाकर मोबाइल और अन्य सामान लूटने की वारदात सामने आई। एक अन्य घटना में 11 अगस्त को उसलापुर निवासी हिमांशु सिंह को नगोई मंदिर जाते समय रास्ते में रोककर आरोपियों ने दो मोबाइल, नगदी और अन्य सामान लूट लिया था।

लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों तक पहुंची। पूछताछ के बाद गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने एक अपचारी बालक समेत चंद्रभान साहू उर्फ नानू, अनिश सूर्यवंशी उर्फ जादू, अजय कुमार लोहार उर्फ जय उर्फ महेश विश्वकर्मा, करन सारथी, जानवीर सूर्यवंशी उर्फ जानी, लक्की विश्वकर्मा और आदिल अहमद को गिरफ्तार किया। आरोपी अनिश सूर्यवंशी के कब्जे से धारदार चाकू मिलने पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।

47 मोबाइल, तीन बाइक और चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 एंड्रॉइड और स्मार्ट मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, तीन धारदार चाकू, मारपीट में इस्तेमाल बेल्ट, कॉलेज बैग, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अपचारी बालक को बाल संप्रेक्षण गृह और अन्य आरोपियों को केंद्रीय जेल बिलासपुर भेज दिया गया।

चाकू लहराकर राहगीरों को धमका रहा था युवक

इधर, तोरवा पुलिस ने रेलवे स्टेशन सुलभ के पास चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाले अशोक नगर मूरूमखदान निवासी विकास वैष्णव को गिरफ्तार किया। पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक के कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दो आदतन बदमाशों समेत पांच पर कार्रवाई

तोरवा पुलिस ने 18 अगस्त की रात पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में मिले रितेश पांडेय और धीरज रजक समेत तीन महिलाओं के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। रिकॉर्ड खंगालने पर रितेश पांडेय के खिलाफ आठ और धीरज रजक के खिलाफ दो मामले दर्ज मिले। पुलिस ने दोनों को आदतन बदमाश मानते हुए तीन महिलाओं के साथ सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी को जेल भेज दिया गया।

इन कार्रवाइयों में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य, मोपका चौकी प्रभारी ओमप्रकाश कुर्रे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।