बिलासपुर। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सनम जांगड़े के प्रथम बिलासपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जिला अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सूर्या के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक पर गाजे-बाजे और फूल-मालाओं से जांगड़े का अभिनंदन किया। इसके बाद काफिला अंबेडकर चौक पहुँचा, जहाँ प्रदेश अध्यक्ष ने बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

एक दिवसीय प्रवास पर पहुँचे जांगड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने प्रबुद्ध जनों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया।

सेवा पखवाड़ा ही सच्ची श्रद्धांजलि : जांगड़े

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जांगड़े ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को पूरा देश सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। भाजपा सरकार में पीएम आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और शौचालय निर्माण जैसे जनकल्याणकारी कार्य तेजी से पूरे हुए हैं, जिनसे देश के लाखों जरूरतमंद परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है, यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास : सूर्या

जिला अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सूर्या ने कहा कि आज सिर्फ भाजपा ही नहीं बल्कि पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मना रहा है। देश और प्रदेश में जो भी विकास कार्य नज़र आ रहे हैं, वे भाजपा की देन हैं।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष पुनीता दरिया, कार्यसमिति सदस्य ऋषि केशरी, घनश्याम रात्रे, रामनारायण भारद्वाज, महामंत्री योगेश बोले, संतोष पैनोरे, गौ कारण सूर्यवंशी, विजय अंचल, राजेश्वर भार्गव, रामदुलार कोसले, चित्रेश परिहार, जितेन आंचल, ओमप्रकाश सूर्य, हरीश केडिया, हीरेन समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।