जांजगीर-चांपा। त्योहारी और शादी के सीजन में जहां आम यात्रियों को कन्फर्म रेलवे टिकट के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं रेलवे टिकटों की कथित कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट चांपा और क्राइम ब्रांच बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े दो अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ है। 14 नवंबर को की गई कार्रवाई में एक रेलवे बुकिंग क्लर्क, एक कुली और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 16 हजार 128 रुपये कीमत के 25 आरक्षित टिकट जब्त किए गए हैं।

पहली कार्रवाई बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में की गई। आरपीएफ टीम ने वहां पदस्थ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी को पकड़ा। वह बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित सेक्टर-4 अन्नपूर्णा कॉलोनी का निवासी बताया गया है। जांच के दौरान उसके पास से एसी श्रेणी के आरक्षित टिकट बरामद हुए। मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट के जरिए 14 आरक्षित रेलवे टिकटों की डिजिटल प्रतियां भी मिलीं।

पूछताछ में बिलासपुर रेलवे स्टेशन के कुली नंबर 206 धनीराम यादव का नाम सामने आया। वह सिरगिट्टी के परसदा स्थित आवास पारा का निवासी है।

आरोप है कि वह इस नेटवर्क में टिकटों की डिलीवरी और बिक्री में सहयोग करता था। आरपीएफ ने दोनों को गिरफ्तार कर चांपा पोस्ट में रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में कुल 1 लाख 3 हजार 600 रुपये कीमत के 15 आरक्षित टिकट जब्त किए गए।

दूसरी कार्रवाई चांपा क्षेत्र के सिलादेही भांठापारा और ग्राम सेमरिया में की गई। इस मामले में सिलादेही निवासी देवीलाल पटेल ने आरपीएफ पोस्ट चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, ग्राम सेमरिया, थाना बिर्रा निवासी शिक्षक कृष्ण कुमार कश्यप ने आधार कार्ड अपडेट कराने के बहाने उनका मोबाइल फोन लिया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने देवीलाल की सहमति के बिना उनके नाम से IRCTC की व्यक्तिगत यूजर आईडी बना ली।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिक्षक ने बाद में अपने सिस्टम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर इस आईडी के जरिए ई-टिकटों की बुकिंग और अवैध बिक्री शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान आरपीएफ ने उसके पास से 12 हजार 528 रुपये कीमत के 10 ई-टिकट बरामद किए। इस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

दोनों मामलों में आरपीएफ ने कुल 25 आरक्षित टिकट जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 1 लाख 16 हजार 128 रुपये बताई गई है। इनमें पहली कार्रवाई में 15 टिकट और दूसरी कार्रवाई में 10 ई-टिकट शामिल हैं। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।

तत्काल टिकटों की बुकिंग में गड़बड़ी का आरोप

प्रारंभिक जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, बुकिंग क्लर्क को रेलवे की आरक्षण प्रणाली तक पहुंच का लाभ मिल रहा था। आरोप है कि तत्काल टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही या प्रमुख ट्रेनों में सीटें उपलब्ध होने पर आम यात्रियों से पहले टिकट आरक्षित कर लिए जाते थे। बाद में जरूरतमंद यात्रियों को ये टिकट मूल कीमत से 300 से 500 रुपये अधिक लेकर बेचे जाते थे।

जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरक्षण टिकटों में नाम, उम्र और बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव से संबंधित सुविधाओं का कथित तौर पर किस तरह दुरुपयोग किया गया। टिकटों की डिजिटल प्रतियां व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने और भुगतान के तरीकों की भी पड़ताल की जा रही है।

आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे टिकटों की कथित कालाबाजारी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अब जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा आरक्षण व्यवस्था तक पहुंच का इस्तेमाल किस तरह किया गया।