बिलासपुर… शहर में गणेश विसर्जन की व्यवस्था अगले साल से बदल जाएगी। अब गणेश विसर्जन की झांकियां और प्रतिमाएं रिवर व्यू रोड से निकाली जाएंगी। शुक्रवार को रिवर व्यू ग्राउंड में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में आयोजन समितियों, शांति समिति के सदस्यों और नागरिकों ने नए मार्ग पर सहमति जताई। हालांकि, इस साल दुर्गा विसर्जन पुराने निर्धारित मार्ग से ही होगा।

बैठक में विसर्जन के दौरान लगने वाले जाम, मुख्य सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर चर्चा हुई। आयोजन समितियों और नागरिकों का मानना था कि रिवर व्यू रोड से झांकियां निकलने पर लोगों को दर्शन के लिए बेहतर जगह मिलेगी और मुख्य मार्गों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इससे बाजारों में आवागमन और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित नहीं होंगी।

नए मार्ग पर सुविधाएं जुटाएगा प्रशासन

नए मार्ग पर सफाई, रोशनी, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। यातायात प्रबंधन सहित जरूरी सुविधाओं को लेकर प्रशासन आयोजन समितियों के साथ समन्वय करेगा। कलेक्टर और एसएसपी ने नए मार्ग पर सहमति का स्वागत करते हुए व्यवस्था बनाने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

इस साल दुर्गा विसर्जन नजदीक होने के कारण मौजूदा मार्ग में बदलाव नहीं किया जाएगा। नई व्यवस्था अगले साल गणेश विसर्जन से लागू होगी। बैठक में शहर की सद्भावपूर्ण परंपरा बनाए रखने और आयोजनों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।