बिलासपुर… शहर के करीब 125 वर्ष पुराने श्रीराम मंदिर परिसर में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाओं का विस्तार हुआ है। मंदिर में दो नए सभागृह, कर्मचारी आवास और परिसर के उन्नयन से जुड़े करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपये के कार्य पूरे होने के बाद शनिवार को विधायक अमर अग्रवाल ने इनका लोकार्पण किया। नए निर्माण से मंदिर में बड़े धार्मिक आयोजनों से लेकर छोटे सामाजिक कार्यक्रमों तक के लिए अलग-अलग जगह उपलब्ध होगी।

इन कार्यों के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव की स्वीकृति से शासन के अधोसंरचना मद से 82 लाख रुपये मिले, जबकि करीब 40 लाख रुपये जनसहयोग और दान निधि से जुटाए गए। निर्माण में सरकारी सहायता के साथ समाज के योगदान की भी अहम भूमिका रही।

800 लोगों की क्षमता वाला सभागृह

मंदिर परिसर के पिछले हिस्से में नदी की ओर करीब 3 हजार वर्गफीट क्षेत्र में श्री रघुनाथ सभागृह बनाया गया है। इसमें एक साथ लगभग 800 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है। यहां प्रवचन, भजन, धार्मिक आयोजन और सामाजिक कार्यक्रम हो सकेंगे। बड़े सभागृह की सुविधा से विशेष पर्वों और आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था बनाने में सहूलियत मिलेगी।

जनसहयोग और दान निधि से करीब 40 लाख रुपये की लागत पर दो मंजिला भवन भी तैयार किया गया है। लगभग एक हजार वर्गफीट क्षेत्र वाले इस भवन के निचले हिस्से में श्री रघुनंदन सभागृह बनाया गया है, जिसमें करीब 100 लोगों के बैठने की क्षमता है। ऊपरी मंजिल पर मंदिर कर्मचारियों के लिए आवास बनाए गए हैं। इस तरह परिसर में बड़े और छोटे, दोनों तरह के आयोजनों के लिए अलग सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।

आस्था के साथ सामाजिक गतिविधियों का केंद्र

लोकार्पण के अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के स्थल नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कारों को आगे बढ़ाने वाले महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। उन्होंने श्रीराम मंदिर को बिलासपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा बताते हुए कहा कि नई सुविधाओं से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और धार्मिक-सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं और मंदिर समिति के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जोन अध्यक्ष मधुबाला टंडन, पार्षद अंजना कश्यप, बबलू कश्यप, मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, श्रीराम मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद काले, सचिव संजीव बाटवे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।