Bhilai News – भिलाई।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक बेहद दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में आज दिनदहाड़े एक पीजी (पेइंग गेस्ट) के कमरे में घुसकर अज्ञात युवक ने 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी।

इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

वैशाली नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 19 वर्षीय खुशी साहू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम कुम्ही की रहने वाली थी। खुशी ने हाल ही में भिलाई के एक निजी नर्सिंग कॉलेज में दाखिला लिया था और अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए रामनगर स्थित एक पीजी में रह रही थी।

अपनी पढ़ाई और रहने का खर्च खुद उठाने के लिए वह वैशाली नगर के ही एक कैफे में पार्ट-टाइम काम भी करती थी। पीजी के उस कमरे में उसके साथ उसके ही गांव की एक अन्य युवती भी रूममेट के तौर पर रह रही थी।

नहाने गई थी रूममेट, कमरे में खून से लथपथ मिली छात्रा

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आज सुबह खुशी की रूममेट कमरे के बाथरूम में नहाने गई हुई थी। इसी बीच मौका पाकर एक अज्ञात सिरफिरा युवक कमरे के भीतर दाखिल हुआ।

उसने कमरे में अकेली मौजूद खुशी पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले के बाद जब छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर गिर गई, तो आरोपी तुरंत वहां से भाग निकला।

कुछ देर बाद जब रूममेट नहाकर बाहर आई, तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। खुशी खून से लथपथ हालत में जमीन पर बेसुध पड़ी थी। उसने बिना वक्त गंवाए तत्काल मकान मालिक और स्थानीय पुलिस को इस घटना की सूचना दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग

गंभीर रूप से घायल छात्रा को आनन-फानन में सुपेला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या की खबर मिलते ही वैशाली नगर थाना प्रभारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सील कर वहां से उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही पुलिस पीजी और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस दर्दनाक हत्या के पीछे के असल कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपी की शिनाख्त करने और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।

शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश, व्यक्तिगत परिचय और प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।