LIVE UPDATE
Bilaspur

रास्ता रोककर चाकू से हमला, पत्थरबाजी से दहशत— बदमाश सलाखों के पीछे

रास्ता रोककर हमला, वाहनों पर पत्थर—रतनपुर पुलिस ने कुछ ही समय में दबोचे आरोपी

बिलासपुर…रतनपुर थाना क्षेत्र में राहगीरों को रोककर मारपीट, चाकू से हमला और वाहनों पर पत्थरबाजी कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न केवल मुख्य आरोपियों को जेल भेजा, बल्कि विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।

पहली घटना 30 मार्च 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है, जब प्रार्थी सुमित कुमार रजवाड़े अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम कोरबाभांवर जा रहे थे। जूनाशहर बाईपास रोड के पास पल्सर मोटरसाइकिल से आए चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। इस मामले में थाना रतनपुर में अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

दूसरी घटना 29 मार्च की रात करीब 9:30 बजे की है, जब राहुल सिदार अपने साथियों के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। जूनाशहर-लखनी देवी मंदिर मार्ग पर चार युवकों ने उनका रास्ता रोककर पैसे की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और एक आरोपी ने अजय ध्रुव पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में भी थाना रतनपुर में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी रतनपुर प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया।

इस मामले में मनीष मरावी निवासी अमतरा थाना कोनी और विक्रम मरावी निवासी जूनाशहर थाना रतनपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इसी क्रम में रतनपुर-कोटा मार्ग पर वाहनों पर पत्थर फेंकने की शिकायत पर भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिद्धार्थ धुर्व्रे (20 वर्ष) और उमेन्द्र सिंह (25 वर्ष), दोनों निवासी जूनाशहर को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में निरीक्षक नीलेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह और आरक्षक गोविंदा जायसवाल, धीरज कश्यप व संजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाया जा रहा है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close