बिलासपुर… शहर में अलग-अलग जगह हुई दो वारदातों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक चोरी की एक्टिवा बरामद की, जबकि चाकू से हमला करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एक मामला जिला अस्पताल की पार्किंग से एक्टिवा चोरी का है, तो दूसरा टिकरापारा में मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद चाकू से हमले का।

जिला अस्पताल की पार्किंग से गायब हुई एक्टिवा

29 अगस्त को सृकृति कुडुक अपनी एक्टिवा सीजी 10 एई 4962 से जिला अस्पताल पहुंची थीं। स्कूटी पार्किंग में खड़ी करने के बाद वह अपने पिता का डायलिसिस कराने चली गईं। कुछ देर बाद वापस लौटीं तो पार्किंग से एक्टिवा गायब थी। शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी की एक्टिवा बरामद कर ली। स्कूटी एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से मिली। पुलिस ने वाहन जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के बाद बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया।

मोबाइल से शुरू हुआ विवाद, चाकू से हमला

दूसरी घटना 19 सितंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे टिकरापारा के यादव मोहल्ले में हुई। हिमांशु कश्यप आरोपी दीप कश्यप उर्फ दुर्लभ कश्यप के मोबाइल से बात कर रहा था। काफी देर तक मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर आरोपी नाराज हो गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू लेकर हिमांशु के पीछे दौड़ पड़ा।

टिकरापारा में संतोष पान ठेले के पास आरोपी ने चाकू से वार किया, जिससे हिमांशु के बाएं हाथ में चोट आई। शिकायत पर सिटी कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी दीप कश्यप उर्फ दुर्लभ कश्यप निवासी यादव मोहल्ला टिकरापारा को उसके घर पर दबिश देकर पकड़ लिया। कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।