बिलासपुर… बिलासपुर में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और टेबलेट की बरामदगी के बाद पुलिस ने इसकी सप्लाई की कड़ी को उत्तर प्रदेश के मथुरा तक पहुंचकर जोड़ा है। सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मथुरा के गोविंद नगर से राहूल अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले पकड़े गए तीन आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहूल तक पहुंच बनाई गई।

11 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर सीपत पुलिस ने ग्राम गुड़ी लोनिया पारा में कार्रवाई करते हुए उग्रसेन लोनिया, मुकेश कुमार लोनिया और परमेश्वर लोनिया उर्फ कोंदा को पकड़ा था। कब्जे से 4743 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और टेबलेट, जिनका कुल वजन 24955 ग्राम था, बरामद किए गए थे। इसके अलावा दो मोबाइल भी जब्त किए गए थे। बरामद सामान और मोबाइल समेत कुल जब्ती की कीमत 19,17,930 रुपये बताई गई थी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा। इसके बाद पुलिस ने मामले की एंड टू एंड विवेचना शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और टेबलेट मथुरा निवासी राहुल अग्रवाल से संपर्क कर मंगाई थीं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और राहूल की लोकेशन मथुरा के गोविंद नगर में होने की जानकारी मिली।

जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद सीपत थाना और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम को मथुरा रवाना किया गया। टीम ने गोविंद नगर स्थित राहूल अग्रवाल के ठिकाने पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसे विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के दिशा-निर्देशन में की गई। मामले में थाना सीपत और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।