Cg news।दुर्ग। नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच दुर्ग जिले के तीन नगर निगमों की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है।

रिसाली, भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम के कुल 70 वार्डों के 37,252 मतदाताओं के नाम उनके निर्धारित वार्डों के बजाय दूसरे वाडों में दर्ज पाए गए हैं। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित 15 अधिकारियों को

कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जवाब पेश करने के लिए डेडलाइन भी तय कर दिया है। इन अफसरों को तीन दिन के भीतर अपना जवाब पेश करना होगा।

रिसाली निगम के 40 में से 12 वार्डों के 24,709 मतदाताओं के नाम दूसरे वार्ड में दर्ज कर दिया गया है। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी वासु मित्र दीवान तथा अतिरिक्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अखिलेश गुप्ता और सुनील दुबे को नोटिस दिया गया है।

भिलाई निगम के 70 में से 42 वार्डों के 11,339 मतदाताओं के नामों में गड़बड़ी मिली है। यहां एसडीएम सोनाल डेविड, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डीकेश्वर साहू, अतिरिक्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अरविंद शर्मा, अमरनाथ दुबे, येशा लहरे, कुलदीप गुप्ता और अरविंद शर्मा को नोटिस जारी किया गया है।

भिलाई-चरोदा के 40 में से 16 वार्डों के 1,204 मतदाताओं के नाम दूसरे वाडों में दर्ज है। इस गड़बड़ी के लिए एसडीएम प्रकाश सोनी, रवि विश्वकर्मा, आलोक पसीने और प्रभाकर शुक्ला को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।

बीएलओ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने की थी शिकायत

निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर को किया गया। बीएलओ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम में गड़बड़ी की जानकारी कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी को दी गई थी।

राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों ने दस्तावेजी प्रमाण के साथ कलेक्टर से शिकायत की थी। इसमें बताया था, एक वार्ड के निवासी का नाम दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में शामिल कर दिया गया है। मतदाता सूची में भारी विसंगित और इसे सुधारने की मांग राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों ने की थी।