रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पीएम श्री स्कूल में पढ़ने वाली 12 वीं की छात्राओं के साथ अभद्रता और बेड टच करने वाले दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।

एक व्यवसायिक शिक्षक की सेवा समाप्ति की फाइल आगे बढ़ाई गई है। पांच सदस्यीय जांच दल ने छात्राओं की शिकायतों को सही पाते हुए दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए रिपोर्ट सौंपी थी।

समिति की रिपोर्ट के आधार पर सहायक को डीईओ ने निलंबित कर दिया है। डीईओ की अनुशंसा के बाद डीपीआई ने लेक्चरर के निलंबन का आदेश जारी कर दिया है।

बता दें, छात्राओं ने 13 अक्टूबर को शिक्षकों के खिलाफ शिकायत की थी। जांच समिति ने 27 अक्टूबर को अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी।

कमेटी की रिपोर्ट के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने 29 अक्टूबर को सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) ठाकुर राम चौहान को निलंबित किया।

छात्राओं ने उन पर घूरने, बेवजह करीब आने और बातचीत करने की कोशिश करने की शिकायत की थी। कुछ छात्राओं ने जांच समिति के सामने सीटी बजाने और गाने गुनगुनाने की बात भी कही थी। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय बरमकेला निर्धारित किया गया है।

व्याख्याता दयासागर चौहान पर छात्राओं के साथ अपमानजनक और गलत शब्दों का इस्तेमाल कर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगे थे। महिला उत्पीड़न व लैंगिक सुरक्षा समिति की जांच में शिकायतों की पुष्टि होने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने 30 अक्टूबर को उन्हें निलंबित कर दिया।

व्यवसायिक शिक्षक हरीश चंद्राकर के खिलाफ छात्राओं ने अनुचित व्यवहार करने और उनके करीब आने की कोशिश करने की शिकायत की थी।

शिकायत में शिक्षक दिवस के दिन शराब पीकर स्कूल आने और दुर्व्यवहार करने का आरोप भी शामिल था। जांच समिति की रिपोर्ट और छात्राओं के बयानों के आधार पर डीईओ कार्यालय ने 30 अक्टूबर को उनकी नियुक्तकर्ता कंपनी को पत्र जारी किया है।

कंपनी को आरोपों और साक्ष्यों की जांच कर शिक्षक को अपना पक्ष रखने का अवसर देने के बाद नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी एलएन पटेल ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई गई थी। जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है। जिले के सभी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में विभाग त्वरित और सख्त कार्रवाई करेगा।