उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के आठ और समाजवादी पार्टी के दो उम्मीदवार शामिल हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सचिव तथा रिटर्निंग अधिकारी अजीत वर्मा ने इसकी की पुष्टि की।

निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी उम्मीवारों में धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्या सागर सोनकर, प्रियंका रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडेय और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं।

समाजवादी पार्टी के राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी निर्वाचित हुए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के निर्वाचित उम्मीवारों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने और देश के विकास के लिए अपना योगदान देंगे।

उत्तर प्रदेश से दस राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवम्बर को समाप्त हो रहा है। जिसके कारण ये द्विवार्षिक चुनाव कराए गए हैं।

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा, भाजपा नेता अरूण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, ब्रिजलाल और सीमा द्विवेदी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव तथा बहुजन समाज पार्टी के रामजी गौतम का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के त्यागपत्र से रिक्त राज्यसभा सीट पर चुनाव बाद में कराया जाएगा। श्री दिनेश शर्मा ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त होने के बाद राज्यसभा से त्यागपत्र दे दिया था।