शराब, स्पीड और एक टक्कर… खत्म हुई जिंदगी—कप्तान की चेतावनी: अब भी नहीं संभले तो देर हो जाएगी
एक गलती, पूरी जिंदगी खत्म—नशे में ड्राइविंग ने छीनी सांसें

बिलासपुर… मुंगेली रोड स्थित शहर के विनोचा कॉलोनी स्थित पेट्रोल पंप के सामने देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल चला रहा व्यक्ति डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तत्काल सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा देर रात हुआ और आशंका जताई जा रही है कि युवक ने शराब का सेवन किया हुआ था। इसी कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डिवाइडर से टकरा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि लगातार ट्रैफिक पुलिस द्वारा अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, इसके बावजूद कई लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वाहन सुविधा के लिए है, दुविधा और खतरा पैदा करने के लिए नहीं।
एसपी रजनेश सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाएं सिर्फ एक व्यक्ति की जान नहीं लेतीं, बल्कि पूरे परिवार को गहरे संकट में डाल देती हैं। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि नशे में वाहन न चलाएं, गति पर नियंत्रण रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।
उन्होंने यह भी कहा कि सड़क पर हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह न केवल खुद सुरक्षित चले, बल्कि दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखे। रफ ड्राइविंग और लापरवाही से बचना ही ऐसी घटनाओं को रोकने का एकमात्र उपाय है।





