मुंगेली/तखतपुर…मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत बरेला में दिनदहाड़े युवक के अपहरण के बाद उसकी बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को बुरी तरह पीटने के बाद अधमरी हालत में उसके घर के सामने फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजकुमार धुरी पिता बेनीराम के रूप में हुई है।

बताया गया कि राजकुमार पिछले कुछ महीनों से बिलासपुर में रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम कर रहा था। शुक्रवार को वह अपने ट्रैक्टर मालिक के साथ पंजाब नेशनल बैंक, बरेला आया था, जहां उसे अपने खाते से राशि कटने की जानकारी लेनी थी।

परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे जब राजकुमार बैंक से बाहर निकला, तभी एक कार में सवार पांच लोग वहां पहुंचे और उसे जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना से घबराकर ट्रैक्टर मालिक बिना कुछ बताए बिलासपुर लौट गया और बाद में राजकुमार के परिजनों को फोन कर अपहरण की सूचना दी।

अपने बेटे के अपहरण की जानकारी मिलते ही पिता बेनीराम जरहागांव थाना पहुंचे, लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां ड्यूटी पर मौजूद हवलदार ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें टाल दिया। निराश होकर जब परिजन घर लौटे, तो उन्होंने राजकुमार को घर के तख्त पर दर्द से कराहते और उल्टियां करते हुए पाया। आरोपी युवक को बुरी तरह पीटने के बाद घर के सामने छोड़ गए थे।

राजकुमार को उसका भाई जलेश्वर तत्काल अंदर लेकर गया और परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

साजिश की आशंका

मृतक के माता-पिता ने बरेला निवासी एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह व्यक्ति लंबे समय से उनके मकान को बेचने का दबाव बना रहा था। मकान नहीं बेचने पर करीब 10 महीने पहले उनके बेटे पर एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का झूठा आरोप लगाकर उसे फंसाने की कोशिश की गई थी, हालांकि उस समय कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी।

परिजनों का दावा है कि इसके बाद भी आरोपी पक्ष के लोग लगातार राजकुमार की तलाश कर रहे थे और शुक्रवार को मौका मिलते ही योजनाबद्ध तरीके से उसका अपहरण कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पांच युवकों और एक महिला पर संदेह जताया है।

डॉक्टर की पुष्टि

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर के चिकित्सक डॉ. सुनील हंसराज ने बताया कि युवक के शरीर पर गंभीर मारपीट के कई निशान थे। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत अस्पताल लाने से पहले ही हो चुकी थी। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

पुलिस जांच

तखतपुर पुलिस ने मामले में शून्य में अपराध दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। परिजन और स्थानीय लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।