बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा ग्राम परसबोड़ में एक्सिस बैंक के आगे मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना में पिकअप में सवार 56 वर्षीय जीवनलाल पटेल घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, जीवनलाल पटेल दुर्ग से सामान लेकर साजा गए थे। सामान पहुंचाने के बाद वे पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 BT 9254 से कोदवा मार्ग होते हुए वापस दुर्ग जा रहे थे। इसी दौरान परसबोड़ में सामने से आ रही कार क्रमांक CG 04 PM 5348 ने पिकअप को टक्कर मार दी।

जीवनलाल के मुताबिक, उन्होंने अपनी पिकअप को सड़क किनारे कर लिया था, इसके बावजूद सामने से आई कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में चोट लग गई और पिकअप वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में चार युवक सवार थे। हादसे के बाद इनमें से एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि तीन अन्य को अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने कार सवारों के नशे में होने की बात कही है। मौके पर कार से शराब की बोतलें और कुछ पहचान पत्र मिलने की भी जानकारी सामने आई है।

हालांकि, कार सवार युवक हादसे के समय नशे में थे या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसकी स्थिति मेडिकल जांच और पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल जीवनलाल पटेल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह, कार सवारों की स्थिति, फरार युवक की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।