रायपुर… छत्तीसगढ़ कैडर के 2014 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी पंकज सिंह राजपूत और उनकी पत्नी अदिति सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। अदिति सिंह ने वीडियो जारी कर अपने पति, सास, ससुर और ननद पर मानसिक, सामाजिक और आर्थिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। वहीं, पंकज सिंह राजपूत ने इन आरोपों को गलत बताते हुए विवाद को करीब पांच साल पुराना पारिवारिक मामला बताया है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।

अदिति सिंह का आरोप है कि उनके पति उनके साथ अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने अपने नाबालिग बेटे के साथ भी अनुचित व्यवहार किए जाने का दावा किया है। अदिति ने ससुराल पक्ष पर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से परेशान करने के आरोप भी लगाए हैं।

अदिति के मुताबिक, वर्ष 2020 में अदालत से नोटिस मिलने के बाद उनके बेटे के भरण-पोषण के लिए हर महीने 8 हजार रुपये दिए जाने लगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि हाल ही में एक अदालत ने पंकज राजपूत की ओर से उनकी मां निर्मला देवी के खिलाफ दायर मामला खारिज कर दिया है।

वहीं, पंकज सिंह राजपूत ने मीडिया से बातचीत में पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद पिछले करीब पांच वर्षों से अदालत में चल रहा है। ऐसे मामले को सार्वजनिक मंच पर उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वह बच्चे के अभिभावक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

पंकज राजपूत ने विवाद को निजी और न्यायालय से जुड़ा मामला बताते हुए सार्वजनिक रूप से लगाए जा रहे आरोपों पर अपना पक्ष रखा है। इस तरह दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच वर्षों से चल रहा पारिवारिक विवाद अब सार्वजनिक चर्चा में आ गया है।