बिना यूनिफॉर्म नहीं चलेगा ऑटो..यातायात पुलिस की पहल…सख्त गाइडलाइन लागू
यूनिफॉर्म में नजर आएंगे ऑटो चालक—पहचान और सुरक्षा पर यातायात पुलिस का बड़ा कदम

बिलासपुर…यातायात पुलिस बिलासपुर ने ऑटो चालकों की स्पष्ट पहचान और सुरक्षित, व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य करने की दिशा में अभियान तेज कर दिया है। ऑटो चालकों को लगातार प्रेरित किया जा रहा है कि वे निर्धारित यूनिफॉर्म पहनकर ही ऑटो चलाएं, ताकि यात्रियों को भरोसेमंद और सुरक्षित परिवहन मिल सके।
7 दिन की मोहलत— दिखने लगा असर
यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों को यूनिफॉर्म अपनाने के लिए सात दिन का समय दिया था। इस दौरान कई चालकों ने यूनिफॉर्म सिलवाना शुरू कर दिया है और बड़ी संख्या में चालक ड्रेस कोड में नजर भी आने लगे हैं। इसका सकारात्मक असर यह है कि खुद ऑटो चालक भी एक-दूसरे को अनुशासित और व्यवस्थित संचालन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
जनभागीदारी पर जोर—यात्रियों से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे केवल उन्हीं ऑटो में सफर करें, जिनके चालक निर्धारित यूनिफॉर्म में हों। साथ ही यात्रियों से यह भी कहा गया है कि वे ऑटो चालकों को ड्रेस कोड अपनाने के लिए प्रेरित करें, ताकि शहर में सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था मजबूत हो सके।
बीट स्तर पर निगरानी—अभियान सक्रिय
सभी थाना, चौकी और यातायात बीट प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऑटो चालकों को लगातार जागरूक करें और इस अभियान को प्रभावी बनाएं। उद्देश्य साफ है—शहर में ऑटो चालकों की एक समान पहचान बने और व्यवस्था ज्यादा पारदर्शी हो।
नियम तोड़ने वालों पर सामाजिक दबाव
यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो ऑटो चालक यूनिफॉर्म और गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं, उन्हें हतोत्साहित किया जाए। इसमें आम नागरिकों की भूमिका भी अहम मानी जा रही है, ताकि जनसहयोग से एक बेहतर, सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था तैयार हो सके।





