ट्रैफिक सिग्नल पर दबाव बनाकर वसूली, पुलिस ने दिखाई सख्ती , दो गिरफ्तार
नेहरू चौक सिग्नल पर राहगीरों से जबरन वसूली, हंगामे के बीच दो गिरफ्तार

बिलासपुर… सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू चौक ट्रैफिक सिग्नल पर मंगलवार दोपहर उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब राहगीरों और परिवारों से जबरन पैसे मांगने की शिकायत पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मौके पर भीड़ जमा हो गई और आम लोगों ने अभद्र व्यवहार को लेकर नाराज़गी जताई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिग्नल पर रुके वाहनों के पास जाकर तालियां बजाते हुए पैसों की मांग की जा रही थी। परिवार के साथ यात्रा कर रही महिलाओं और अन्य लोगों ने इसे लेकर आपत्ति जताई, जिसके बाद माहौल गरमाने लगा।
पुलिस ने मौके से जूली चौधरी और नफीसा खातून (25 वर्ष) को हिरासत में लिया। दोनों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।
कार्रवाई के बाद सिग्नल पर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की जबरन वसूली या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं होगी। शहर में ऐसे मामलों पर निगरानी बढ़ाई गई है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।





