नशे के खिलाफ डबल एक्शन: रतनपुर–बेलगहना में गांजा कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार
युवाओं तक नशा पहुंचाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई

बिलासपुर…. जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर और बेलगहना पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में गांजा जप्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
किराना दुकान की आड़ में गांजा बिक्री
रतनपुर थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भगत सिंह वार्ड स्थित एक किराना स्टोर में दबिश दी। जांच के दौरान दुकान से 225 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 2500 रुपये), बिक्री की नगदी 2300 रुपये और एक मोबाइल फोन जप्त किया गया। कुल मशरूका करीब 14,800 रुपये आंका गया है।
इस मामले में अरविंद जैन उर्फ अन्नू (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी किराना दुकान की आड़ में गांजे की पुड़िया बनाकर बिक्री कर रहा था।
बेलगहना में घर से गांजा और तराजू जप्त
इसी कड़ी में चौकी बेलगहना पुलिस ने ग्राम कोंचरा के पुराना बाजार क्षेत्र में दबिश देकर देवचरण वैष्णव (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के घर से 300 ग्राम गांजा और तौलने में प्रयुक्त तराजू-बांट जप्त किए गए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, देवचरण वैष्णव पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरणों में जेल जा चुका है। इस बार उसके खिलाफ धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
अभियान जारी, निगरानी तेज
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ “प्रहार अभियान” चलाया जा रहा है। मुखबिर तंत्र सक्रिय कर अवैध मादक पदार्थों की खरीदी-बिक्री पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि युवाओं तक नशा पहुंचाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





