हत्याकांड का पर्दाफाश – शक और लालच ने छीना एक परिवार – घूर से लाश बरामद… दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़…. खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम ठुसेकेला में एक परिवार की निर्मम हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। आरोपियों ने जमीन नहीं बेचने और चरित्र शंका के चलते बुधराम उराँव, पत्नी सहोद्रा तथा दो बच्चों अरविंद और शिवांगी की धारदार हथियार से हत्या कर शवों को घूरे में दफन कर दिया था। दुर्गंध उठने पर घटना सामने आई।
पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देश पर विभिन्न थानों की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच तेज की। एसपी दिव्यांग पटेल खुद खरसिया में कैंप कर मामले की मॉनिटरिंग कर रहे थे। घटनास्थल से एफएसएल, फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वाड और अन्य विशेषज्ञ टीमों की मदद से प्रमाण जुटाए गए।
पूछताछ में आरोपी लकेश्वर पटैल ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। उसका पड़ोसी बुधराम भी उसी पेशे में था। दोनों के बीच जमीन खरीदने को लेकर विवाद चल रहा था। बुधराम जमीन बेचने से इनकार कर देता था। साथ ही आरोपी को उसके चरित्र पर भी शंका थी। करीब छह माह पूर्व आरोपी के बेटे ने बुधराम के घर चोरी कर दी थी, जिससे विवाद और बढ़ गया।
आरोपी ने घटना की योजना बनाकर मौका तलाशा और 9 सितंबर की रात नशे में धुत्त पाए जाने पर बुधराम और उसके परिवार की हत्या कर दी। शवों को पहले घर में दफनाना चाहा, लेकिन जमीन सख्त होने से असफल रहा। बाद में शवों को घसीटकर बाड़ी में घूरे में गड्ढा कर दफन कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल पर पूरी वारदात का री-क्रिएशन कराया और टंगिया, रॉड, गैंती, फावड़ा सहित अन्य सामान बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों – लकेश्वर पटैल और विधि के साथ संघर्षरत नाबालिग – को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना खरसिया में धारा 103(1), 238(a) BNS के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





