LIVE UPDATE
BilaspurChhattisgarh

खौफनाक वारदात: परिवार के 4 सदस्यों की हत्या, शव घर के पीछे दफनाया

रायगढ़…छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम ठुसेकेला राजीव नगर मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर शव घर के पीछे दफना दिए गए थे। पुलिस ने शवों को बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान बुधराम उरांव (पति), उनकी पत्नी सोहद्रा, बेटा अरविंद और बेटी शिवांगी उरांव के रूप में हुई है। बुधराम पेशे से राजमिस्त्री थे। जानकारी के अनुसार, घटना तब उजागर हुई जब चार दिनों से घर बंद पड़ा था और आसपास से तेज बदबू आने लगी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची।

जांच में पुलिस ने घर के अंदर खून के धब्बे और जमीन पर गड्ढों जैसे निशान देखे। शक के आधार पर घर के पीछे खुदाई कराई गई, जहाँ से चारों शव बरामद हुए। बताया गया है कि परिवार की एक बेटी घटना के समय बाहर थी, इसलिए वह बच गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड घटनास्थल पर बुलाए गए हैं। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर दिया है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या किसने और किस उद्देश्य से की। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पुलिस अपराधियों को पकड़ने में जुटी है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close