LIVE UPDATE
Chhattisgarh

54 एकड़ जमीन, 12 करोड़ और फर्जी दावा— हाई-प्रोफाइल ठगी का पर्दाफाश

जमीन बेची, सच्चाई छुपाई— करोड़ों की धोखाधड़ी में 3 गिरफ्तार

रायपुर… राजधानी रायपुर में जमीन सौदे की आड़ में करोड़ों की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी से 11 करोड़ 51 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने मामले में हाई टेक एब्रेसिव्स कंपनी के डायरेक्टर, प्रमोटर और एक शेयर होल्डर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 9 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

 गिरवी जमीन को बताया बेदाग, करोड़ों का सौदा

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बलौदाबाजार जिले के नेवधा गांव स्थित 54 एकड़ जमीन को बेचने का सौदा किया। सौदे के दौरान दावा किया गया कि जमीन पूरी तरह वैध है और उस पर किसी तरह का विवाद या कानूनी अड़चन नहीं है। इसी भरोसे में आकर पीड़ित कारोबारी ने करोड़ों रुपए का भुगतान कर दिया।

करोड़ों का भुगतान, खुला सच्चाई का राज

पीड़ित कारोबारी विकास कुमार गोयल, जो सरस्वती नगर निवासी और संभव ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं, ने 16 जनवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि एग्रीमेंट के बाद अलग-अलग तारीखों में उन्होंने कुल 11 करोड़ 51 लाख रुपए एडवांस के रूप में हाई टेक एब्रेसिव्स कंपनी को दिए।

भुगतान के बाद जब जमीन की कानूनी जांच कराई गई, तो सामने आया कि यह जमीन पहले से ही ग्लोबल हाई टेक इंडस्ट्रीज लिमिटेड (सिस्टर कंसर्न) द्वारा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में गिरवी रखी गई थी। इतना ही नहीं, डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल DRT मुंबई ने वर्ष 2019 में आदेश जारी कर बैंक को उक्त जमीन से बकाया वसूली का अधिकार भी दे दिया था।

पैसे लौटाने से किया इनकार, फिर पहुंचा मामला थाने
जमीन की सच्चाई सामने आने के बाद जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने सरस्वती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने कंपनी से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

9 आरोपी फरार, दस्तावेजों की जांच

सरस्वती नगर थाना पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और लेन-देन की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां भी संभव हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close