बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अनुकंपा नियुक्ति को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि यह नियमित भर्ती का माध्यम नहीं है और न ही ऐसा अधिकार है, जिसका दावा किसी भी समय किया जा सकता है। अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य सरकारी कर्मचारी की मृत्यु के बाद उसके परिवार को उत्पन्न अचानक आर्थिक संकट से तत्काल राहत देना है।

इसी आधार पर जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच ने कर्मचारी की मृत्यु के करीब 27 साल बाद अनुकंपा नियुक्ति की मांग करने वाले पुत्र की याचिका खारिज कर दी।

मामला कोरबा का है। याचिकाकर्ता संतोष कुमार यादव के पिता मंगलू राम यादव शासकीय आदिवासी बालक छात्रावास, कोरबा में रसोइया के पद पर कार्यरत थे। सेवा के दौरान 28 मई 1997 को उनकी मृत्यु हो गई थी। पिता की मृत्यु के तत्काल बाद संतोष कुमार ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन नहीं किया। रिकॉर्ड के अनुसार उन्होंने करीब 14 साल बाद वर्ष 2011 में पहली बार अधिकारियों के समक्ष नियुक्ति की मांग रखी।

विभाग ने उनके दावे को 14 फरवरी 2012 को खारिज कर दिया। इसके बाद 15 मार्च 2012 को भी आदेश जारी हुआ। इस फैसले के बाद संतोष कुमार ने हाईकोर्ट का रुख किया। 2 नवंबर 2012 को कोर्ट ने उन्हें सक्षम अधिकारी के समक्ष अभ्यावेदन प्रस्तुत करने की स्वतंत्रता दी।

इसके बाद भी नियुक्ति की मांग जारी रही। वर्ष 2014 में उन्होंने दोबारा हाईकोर्ट में याचिका दायर की। 21 जनवरी 2016 को कोर्ट ने याचिका का निराकरण करते हुए उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग में उपलब्ध वैधानिक उपाय अपनाने की स्वतंत्रता दी।

विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2018 में भी उनका मामला अनुकंपा नियुक्ति के लिए विचारार्थ आगे भेजा गया था। हालांकि, विभाग ने 26 नवंबर 2024 को एक बार फिर दावा खारिज कर दिया। इसके बाद संतोष कुमार ने 11 अप्रैल 2025 को फिर अभ्यावेदन दिया और हाईकोर्ट में तीसरी बार याचिका दायर की।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शशि कुमार कुशवाहा ने तर्क दिया कि अधिकारियों ने लागू नीति के अनुसार मामले पर उचित तरीके से विचार नहीं किया। उन्होंने विभागीय रिकॉर्ड में पिता की मृत्यु की तारीख को लेकर भी त्रुटि होने की बात कही।

दूसरी ओर, विभाग ने बताया कि याचिकाकर्ता लगातार अधिकारियों और हाईकोर्ट के समक्ष अपनी मांग उठाते रहे हैं तथा वर्ष 2018 में उनका मामला आगे भी भेजा गया था।

मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य मृत कर्मचारी के परिवार को तत्काल आर्थिक संकट से उबारना है। यह नियमित भर्ती का विकल्प नहीं है। यदि परिवार कर्मचारी की मृत्यु के बाद लंबे समय तक बिना अनुकंपा नियुक्ति के अपना जीवनयापन कर लेता है, तो तत्काल आर्थिक संकट के आधार पर दी जाने वाली इस विशेष व्यवस्था का मूल उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है।

कोर्ट ने यह भी कहा कि बार-बार अभ्यावेदन देने या पुरानी मांग को दोबारा उठाने से ऐसा दावा पुनर्जीवित नहीं हो सकता, जिसे पहले ही खारिज किया जा चुका हो। हाईकोर्ट के अनुसार, याचिकाकर्ता को वर्ष 2012 में ही अपने दावे के खारिज होने की जानकारी हो गई थी और इसके बाद वह वर्ष 2012 तथा 2014 में अदालत का दरवाजा भी खटखटा चुके थे।

इन परिस्थितियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने करीब 27 साल पुराने अनुकंपा नियुक्ति के दावे को स्वीकार करने से इनकार करते हुए याचिका खारिज कर दी। फैसले में अदालत ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि अनुकंपा नियुक्ति का आधार मृत कर्मचारी के परिवार की तत्काल आर्थिक जरूरत है, न कि भविष्य में किसी भी समय सरकारी नौकरी पाने का अधिकार।